भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद एमएस धोनी सीधे गृहनगर रांची रवाना हो गए। वह रांची पहुंच गए हैं। सर्जरी सफल होने के कारण एमएस धोनी के इंडियन प्रीमियर लीग के अगले संस्करण यानी आईपीएल 2024 में खेलने की संभावना प्रबल हो गई है।

बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी के बाएं घुटने का गुरुवार एक जून 2023 की सुबह को मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में सफल आपरेशन हुआ। इस कारण उनके अगले साल आईपीएल में खेलने की संभावना बहुत ज्यादा बढ़ गई है। सोमवार 29 मई 2023 की देर रात चेन्नई सुपर किंग्स को पांचवां आईपीएल खिताब दिलाने वाले एमएस धोनी फाइनल के बाद अहमदाबाद से सीधे मुंबई पहुंचे थे।

दिनशॉ पारदीवाला ने एमएस धोनी का आपरेशन किया

एमएस धोनी ने मशहूर खेल आर्थोपीडिक सर्जन डॉक्टर दिनशॉ पारदीवाला से सलाह ली। डॉ. दिनशॉ पारदीवाला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मेडिकल पैनल में भी हैं। वह ऋषभ पंत समेत कई भारतीय क्रिकेटर्स की सर्जरी कर चुके हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के सीईओ काशी विश्वनाथ ने पीटीआई को बताया, ‘एमएस धोनी के घुटने का कोकिलाबेन अस्पताल में सफल आपरेशन हो गया है। वह ठीक हैं। आपरेशन सुबह ही हुआ है। मेरे पास विस्तृत जानकारी नहीं है। अभी मुझे इसका ब्योरा मिलना बाकी है।’

रिहैबिलिटेशन से पहले घर पर कुछ दिन आराम करेंगे धोनी

सीएसके प्रबंधन के एक करीबी सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर बताया, ‘एमएस धोनी को पहले ही अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। वह रांची चले गए हैं। वह अपना रिहैबिलिटेशन शुरू होने से पहले कुछ दिनों के लिए घर पर आराम करेगे। उम्मीद है कि वह अगले आईपीएल में खेलेंगे। उनके पास फिट होने का पूरा समय रहेगा।’

एमएस धोनी ने पूरे सत्र में बाएं घुटने पर पट्टी बांधकर खेला विकेटकीपिंग करते समय वह ठीक नजर आए, लेकिन बल्लेबाजी के लिए अमूमन आठवें नंबर पर उतरे और विकेटों के बीच दौड़ में लय में नहीं दिखे।

आईपीएल 2023 फाइनल के बाद एमएस धोनी ने कहा था, ‘अगर परिस्थितियों को देखे तो मेरे लिए संन्यास लेने का यह सर्वश्रेष्ठ समय है। मेरे लिए यह कहना बहुत आसान है कि अब मैं विदा ले रहा हूं, लेकिन अगले नौ महीने तक कड़ी मेहनत करके लौटना और एक सत्र और खेलना कठिन है।’

एमएस धोनी ने कहा, ‘शरीर साथ देता है तो मैं खेलूंगा। चेन्नई के प्रशंसकों ने जिस तरह से मुझे प्यार दिया, यह उनके लिए मेरा तोहफा होगा कि मैं एक सत्र और खेलूं। उन्होंने जो प्यार और जज्बात दिखाए हैं, मुझे भी उनके लिए कुछ करना चाहिए।’