आईपीएल 2023 के पूरे सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम छाई रही। खासतौर पर चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी। यह टीम जिस भी शहर में खेलने उतरी, हर जगह केवल धोनी-धोनी का ही शोर सुनाई दिया। सीजन से पहले धोनी के रिटायरमेंट को लेकर काफी चर्चा हो रही थी हालांकि माही ने अब तक इसे लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ ही नहीं कहा। इस बीच चेन्नई सुपर किंग्स ने ऐसा वीडियो डाला है जिसने फैंस की दिल की धड़कनें बढ़ा दी हैं।
चेन्नई ने शेयर किया वीडियो
चेन्नई सुपर किंग्स ने मंगलवार शाम को सोशल मीडिया पर 33 सेकंड का वीडियो शेयर किया है जिसमें धोनी ड्रेसिंग की ओर जाते हुए नजर आ रहे हैं और साथ-साथ उनकी खेलते हुए कई तस्वीरें भी हैं। वीडियो के कैप्शन में सीएसके ने लिखा, ‘ओह कैप्टन, मेरा कैप्टन’।
फैंस को सता रहा है धोनी के रिटायरमेंट का डर
इस वीडियो ने फैंस की चिंता बढ़ा दी है। उन्हें ऐसा लग रहा है कि धोनी जल्द ही रिटायरमेंट का ऐलान करने वाले हैं। फैंस ने इस वीडियो पर रिप्लाई करते हुए सीएसके से सवाल किया कि क्या यह वीडियो माही के रिटायरमेंट की ओर इशारा है। कुछ फैंस ने वीडियो से यह अंदाजा भी लगाया कि शायद धोनी कप्तानी छोड़ने वाले हैं।
धोनी ने अब तक रिटायरमेंट को लेकर नहीं लिया है फैसला
IPL 2023 के फाइनल मुकाबले में जीत के बाद धोनी ने अपने रिटायरमेंट को लेकर कहा था कि उन्होंने अब तक इसे लेकर कोई फैसला नहीं किया है। उन्होंने कहा, ‘अगर परिस्थितियों को देखे तो मेरे लिए संन्यास लेने का यह सर्वश्रेष्ठ समय है. मेरे लिए यह कहना बहुत आसान है कि अब मैं विदा ले रहा हूं लेकिन अगले नौ महीने तक कड़ी मेहनत करके लौटना और एक सीजन और खेलना कठिन है. शरीर को साथ देना होगा.’