महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं। उन्होंने पिछले साल जुलाई में आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। इसके बावजूद ऐसे फैंस की संख्या बहुत ज्यादा है जो उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। धोनी के डाई-हार्ड फैंस यह जानने को बहुत उत्सुक रहते हैं कि वे इन दिनों कर क्या रहे हैं, विशेषकर जब सोशल मीडिया पर अपनी उपस्थिति दर्ज होती है। यही वजह है कि जब इस अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज को एक साहसिक यात्रा पर देखा तो फैंस उनकी एक झलक पाने को बेताब हो उठे।

टीम इंडिया को 2-2 बार वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें हेलिकॉप्टर शॉट लगाने में महारत रखने वाले धोनी समंदर में स्पीडबोट चलाते दिख रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो महेंद्र सिंह धोनी का यह वीडियो उनकी मालदीव की यात्रा के दौरान का है। इस यात्रा में उनके साथ पत्नी साक्षी धोनी के साथ अलावा तेज गेंदबाज रुद्र प्रताप सिंह और उनकी पत्नी भी गईं हैं। धोनी के समंदर में स्पीडबोट चलाने का वीडियो साक्षी ने इंस्टाग्राम पर अपनी स्टोरी में पोस्ट किया है।

धोनी का सोशल मीडिया पर एक और वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो तब का है, जब महेंद्र सिंह धोनी अपने दोस्तों और करीबी रिश्तेदारों समेत पत्नी साक्षी के साथ हाल ही में जंगल सफारी के लिए गए थे। रिपोर्टों के मुताबिक, वे मध्य प्रदेश के कान्हा नेशनल पार्क की मुक्की रेंज गए थे।


जब वहां पहले से मौजूद लोगों को पता चला कि 2011 का विश्व कप विजेता कप्तान उनके इलाके में प्रवेश कर रहा है तो वे धोनी के साथ एक सेल्फी लेने के लिए पागल हो गए। जैसे ही उनकी जीप ने पार्क के अंदर प्रवेश किया, फैंस ने उन्हें घेर लिया। इस कारण वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों को भी हस्तक्षेप करना पड़ा। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हो रहा है।