भारत ने पहले वनडे में अॉस्ट्रेलिया को 26 रनों से हराकर 5 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। इस मैच में महेंद्र सिंह धोनी और हार्दिक पंड्या जीत के हीरो रहे। चूंकि अगला मुकाबला 21 सितंबर को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होगा, इसलिए टीम इंडिया चेन्नई एयरपोर्ट पर फ्लाइट का इंतजार करती नजर आई। लेकिन मैच की तरह यहां भी महेंद्र सिंह धोनी एक अलग अंदाज में नजर आए। बीसीसीआई के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कुछ तस्वीरें पोस्ट की गई हैं, जिसमें एमएस धोनी एयरपोर्ट के फ्लोर पर लेटे दिख रहे हैं। साथ में विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, के एल राहुल, हार्दिक पंड्या और टीम इंडिया के अन्य सदस्य भी नजर आ रहे हैं। तस्वीरों के कैप्शन में लिखा है-1-0 से बढ़त बनाने के बाद टीम इंडिया एेसे रिलेक्स कर रही है। एेसा पहली बार नहीं, जब खिलाड़ी एयरपोर्ट के फ्लोर पर बैठे नजर आए हैं। 2017 आईपीएल के दौरान भी महेंद्र सिंह धोनी अपने राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के साथी इमरान ताहिर के साथ बैठे और उनके बेटे के साथ खेलने नजर आए थे।

बता दें श्रीलंका के खिलाफ तीसरे वनडे में तो महेंद्र सिंह धोनी मैदान पर ही सो गए थे। दरअसल भारत को इस मैच में जीत के लिए 218 रनों की जरूरत थी। रोहित (124) और धोनी (67) की बेमिसाल साझेदारी की बदौलत टीम जीत के बेहद करीब थी। उसे कुल 8 रन चाहिए थे और 36 गेंद अब भी बाकी थीं। लेकिन टीम के प्रदर्शन से गुस्साए श्रीलंकाई फैन्स ने मैदान पर बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं। इसके चलते मैच आधा घंटा रोकना पड़ा था। लेकिन एमएस धोनी ने यह मौका हाथ से जाने नहीं दिया। वह मैदान पर कुछ देर के लिए सो गए। कुछ देर बाद मैच शुरू हुआ और भारतीय बल्लेबाजों ने लक्ष्य हासिल कर लिया।

VIDEO: तीसरे ODI के दौरान मैदान पर ही सो गए महेंद्र सिंह धोनी, जानिए क्या थी वजह

इमरान ताहिर और उनके बेटे के साथ एयरपोर्ट पर बैठे एमएस धोनी