सात जुलाई की तारीख को भारतीय खेल फैंस महेंद्र सिंह धोनी के जन्मदिन के तौर पर याद रखते हैं। माही ने देश को तीन आईसीसी ट्रॉफी दिलाई और हमेशा के लिए फैंस के दिल में बस गए। सात तारीख को सिर्फ धोनी का ही जन्मदिन नहीं होता। इस दिन दो और खिलाड़ी अपना जन्मदिन मनाते हैं। इनमें से एक ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट है तो दूसरा धोनी की तरह भारतीय क्रिकेटर।

महेंद्र सिंह धोनी जैसे ही थे शंकर लक्ष्मण

जो सफलता धोनी ने क्रिकेट में भारत को दिलाई वही कामयाबी शंकर लक्ष्मण ने हॉकी को दिलाई लेकिन उन्हें उसका इतना श्रेय नहीं मिलता। सात जुलाई 1933 को मध्य प्रदेश के महू में शंकर लक्ष्मण का जन्म हुआ था। धोनी की ही तरह शंकर लक्ष्मण का जन्म भी सात जुलाई को हुआ, दोनों ही खिलाड़ियों ने सबसे पहले फुटबॉल को चुना, दोनों ने भारतीय टीम की कप्तानी की, लक्ष्मण गोलकीपिंग करते थे जैसे धोनी विकेटकीपिंग।

शंकर लक्ष्मण ने देश को दिलाए तीन ओलंपिक मेडल

दोनों के बीच इतनी समानता होने के बावजूद भी भारतीय फैंस के जेहन में उनके कद में काफी फर्क है। शंकर लक्ष्मण ने जब भी ओलंपिक में हिस्सा लिया और भारतीय टीम कभी खाली हाथ नहीं स्वदेश लौटी। वह 1956 (गोल्ड मेडल), 1960 (सिल्वर मेडल) और 1964 (गोल्ड मेडल) की ओलंपिक मेडलिस्ट टीम का हिस्सा रहे। उनकी कप्तानी में भारत ने 1966 में एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल भी जीता। शंकर लक्ष्मण सेना से जुड़े हुए थे और रिटायर होने के बाद उन्होंने राशन की दुकान चलानी शुरू की थी। इसके बाद वह गुमनाम हो गए। यहां तक कि कब उनका देहांत हो गया, लोगों को पता तक नहीं चला।

देवदत्त पडिक्कल भी धोनी के साथ मनाते हैं जन्मदिन

सात जुलाई को युवा क्रिकेटर देवदत्त पडिक्कल का भी जन्मदिन है। पडिक्कल को असली पहचान आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) से मिली थी। वह पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेला करते थे। इसी कारण उन्हें भारतीय टीम के लिए टी20 डेब्यू करने का मौका मिला। साल 2021 में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ डेब्यू किया था। इस पारी में उन्होंने 23 गेंदों में 29 रन बनाए थे। देवदत्त पडिक्कल फिलहाल आईपीएल 2023 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हैं।