गुजरात के जामनगर में इन दिनों सितारों की महफिल जमी हुई है। कई स्टार क्रिकेटर्स भी मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी के प्री वेडिंग इवेंट में शिरकत कर रहे हैं। मेहमानों की लिस्ट में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम भी शामिल है। इस इवेंट से धोनी के वीडियो वायरल हुए हैं जिसमें वह आकाश अंबानी से डांडिया सीखते हुए नजर आ रहे हैं।
आकाश अंबानी ने धोनी को सिखाया डांडिया
अनंत अंबानी और उनकी मंगेतर राधिका मर्चेंट की शादी से पहले तीन दिन का जश्न जामनगर शहर के पास रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के पास स्थित एक आवासीय टाउनशिप में किया जा रहा है। रविवार को वहां देसी डे का आयोजन हुआ जहां डांडिया का भी खास प्रबंध किया गया था। झारखंड के रहने वाले धोनी को डांडिया खेलना नहीं आता था। ऐसे में मुकेश अंबानी के बड़े बेटे आकाश अंबानी ने उन्हें डांडिया खेलना सिखाया। धोनी इसका मजा लेते हुए भी दिखाई दिए।
ब्रावो भी देसी लुक में आए नजर
आकाश अंबानी के जाने के बाद ब्रावो ने धोनी के साथ डांडिया किया। फैंस को धोनी का गुजराती अवतार बहुत पसंद आया। धोनी के साथ-साथ चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजी कोच ड्वेन ब्रावो भी नजर आए। पीले रंग के कुर्ते में ब्रावो बिलकुल देसी लग रहे थे। कुछ लोगों यह भी कहा कि ब्रावो इस इवेंट में भी चेन्नई सुपर किंग्स के रंग में दिखाई दे रहे हैं।
कार्यक्रम में पहुंचे हैं कई सेलिब्रिटी
मेटा के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग उनकी पत्नी प्रिसिला चान, माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की बेटी इवांका, कारोबारी गौतम अडाणी, नंदन नीलेकणी और अदार पूनावाला, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, एमएस धोनी, रोहित शर्मा, आध्यात्मिक नेता सद्गुरु जग्गी वासुदेव भी इस समारोह में शामिल हुए। इनके अलावा अमिताभ बच्चन, रजनीकांत, आमिर खान, करण जौहर, रणबीर कपूर-आलिया भट्ट, अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित ने भी शिरकत की।