टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच नागपुर में खेले जा रहे पहले टेस्ट में मोहम्मद शमी ने पहली पारी में बेहतरीन बल्लेबाजी की और 47 गेंद 37 रन ठोक दिए। अक्षर पटेल के साथ अर्धशतकीय साझेदारी के दौरान मोहम्मद शमी ने 3 छक्के और 2 चौके लगाए। इसके साथ ही उन्होंने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और वर्तमान में कोच राहुल द्रविड़ और स्टार क्रिकेटर विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा।
मोहम्मद शमी टेस्ट में 25 छक्के जमा चुके हैं। राहुल द्रविड़ ने अपने करियर में 22 छक्के लगाए। विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में अबतक 24 छक्के जड़े हैं। ऐसे में मोहम्मद शमी ने दोनों को टेस्ट क्रिकेट छक्का जड़ने के मामले में पीछे छोड़ दिया। राहुल द्रविड़ और विराट कोहली ही नहीं टेस्ट क्रिकेट में छक्का जड़ने के मामले में मोहम्मद शमी कई भारत स्टार बल्लेबाजों से आगे हैं। केएल राहुल के टेस्ट क्रिकेट में 17 छक्के हैं। वहीं चेतेश्व पुजारा ने 15 छक्के जड़े हैं।
वीरेंद्र सहवाग ने लगाए हैं भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के
भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्का लगाने रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग के नाम है। उन्होंने 107 छक्के जड़े हैं। वहीं महेंद्र सिंह धोनी ने 78 छक्के जड़े हैं। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने 69 और रोहित शर्मा ने 66 छक्के जड़े हैं। विश्व में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड बेन स्टोक्स और ब्रेंडन मैक्कुलम के नाम है। दोनों ने 107 छक्के जड़े हैं।
मोहम्मद शमी ने अक्षर पटेल के साथ 52 रन की साझेदारी की
टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में मजबूत स्थिति में है। मोहम्मद शमी ने अक्षर पटेल 82 के साथ 9 वें विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी की। इससे टीम इंडिया को 223 रन की बढ़त बनाने में मदद मिली। कप्तान रोहित शर्मा के 120 रन के बाद रविंद्र जडेजा ने 70 और अक्षर ने 84 रन की पारी खेली। टीम इंडिया पहली पारी में 400 रन पर ऑल आउट हो गई।