मेजर लीग क्रिकेट 2023 (MLC 2023) में शाहरुख खान की सह मालिकाना हक वाली टीम लॉस एंजलिस नाइट राइडर्स जीत के लिए तरस गई है। टीम लगातार 3 मैच हार गई है। उसका अभी तक खाता नहीं खुला है। टूर्नामेंट के 8वें मैच में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्नस ने उसे 21 रन से हरा दिया। एरोन फिंच की कप्तानी वाली टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 212 रन बनाए। इसके जवाब में सुनील नरेन की अगुआई वाली लॉस एंजलिस नाइट राइडर्स की टीम 5 विकेट पर 191 रन ही बना पाई।
लॉस एंजलिस नाइट राइडर्स की ओर से जेसन रॉय ने 21 गेंद पर 45 रन बनाए। इसके अलावा आंद्र रसेल ने 26 गेंद पर 42 और सुनील नरेन 17 गेंद पर 28 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन शाहरुख खान की टीम को जीत नहीं दिला सके। रसेल ने 161.54 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 4 छक्के और 2 चौके लगाए। इसमें एक सिक्स 108 मीटर का था।
आंद्र रसेल ने एक ही ओवर में 108 और 103 मीटर का छक्का लगाया
लॉस एंजलिस नाइट राइडर्स की पारी के 19वें ओवर में आंद्र रसेल ने हारिस रऊफ की गेंद को मैदान से बाहर मार दिया। यह ओवर की पहली गेंद थी। नीचे वीडियो में यह शॉट आप देख सकते हैं। उन्होंने ओवर की 5वीं गेंद पर एक और गगनचुंबी छक्का लगाया। उन्होंने गेंदबाज के सिर के ऊपर से 103 मीटर का छक्का मारा।
रसेल और सुनील नरेन ने सेट होने में समय लिया
रसेल छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए, जब उनकी टीम को 8 ओवर में 100 रन की जरूरत थी। रसेल और सुनील नरेन को तेजी से रन बनाने की जरूरत थी, लेकिन उन्होंने सेट होने में समय लिया। अगले चार ओवर (13-16) में केवल 19 रन बने और नाइटराइडर्स को जीत के लिए चार ओवर में 81 रन की जरूरत थी। हालांकि, रसेल अभी भी क्रीज पर थे, ऐसे में कुछ भी हो सकता था। रसेल ने हमला शुरू किया और अगले दो ओवर में 31 रन बने। हालांकि, तब काफी देर हो चुकी थी। नाइटराइडर्स को 21 रन से हार का सामना करना पड़ा।