आईपीएल 2024 के लिए 19 दिसंबर को होने वाली मिनी ऑक्शन के लिए सभी फ्रेंचाइजी तैयारियों में जुटी हुई हैं। फ्रेंचाइजियों के पास अपने-अपने खिलाड़ियों को रिटेन और रिलीज करने का 26 नवंबर तक समय है, लेकिन फ्रेंचाइजी मालिकों की नजर ऑक्शन पर भी है क्योंकि वहां इस बार कुछ नए खिलाड़ी नीलामी में शामिल हो सकते हैं। इनमें वह विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने विश्व कप 2023 में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है।
ऑक्शन में दिख सकते हैं वर्ल्ड कप 2023 के ये पांच स्टार
यहां हम ऐसे पांच खिलाड़ियों के बारे में बता रहे हैं जो आईपीएल 2024 की मिनी ऑक्शन में मोटी रकम में बिकते हुए दिख सकते हैं। इनमें न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र और डैरिल मिचेल, ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड और मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस का नाम शामिल है। इन पांचों खिलाड़ियों ने विश्व कप 2023 में धमाकेदार प्रदर्शन किया है। मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस, ट्रैविस हेड और डैरिल मिचेल पहले आईपीएल खेल चुके हैं। वहीं रचिन रविंद्र का यह पहला आईपीएल होगा।
मिचेल स्टार्क
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क आईपीएल के दो सीजन खेल चुके हैं। 2014 और 2015 में स्टार्क आरसीबी के लिए खेले थे, लेकिन उसके बाद वह आईपीएल में नहीं दिखे। दोनों ही सीजन उनके शानदार रहे थे। 2014 में स्टार्क ने 14 मैचों में 14 विकेट लिए थे। वहीं 2015 सीजन में खेले 13 मैचों में उन्होंने 20 विकेट चटकाए थे। स्टार्क ने वर्ल्ड कप 2023 में भी अच्छी गेंदबाजी की थी। उन्होंने 10 मैचों में 16 विकेट चटकाए थे।
पैट कमिंस
ऑस्ट्रेलिया की वर्ल्ड चैंपियन टीम के कप्तान पैट कमिंस ने विश्व कप और एशेज सीरीज के लिए आईपीएल से दूरी बनाई थी, लेकिन अब 2024 में वह वापसी कर सकते हैं। पैट कमिंस आईपीएल के 6 सीजन खेल चुके हैं। 2022 में उन्होंने आखिरी सीजन खेला था, लेकिन 2023 सीजन से उन्होंने दूरी बना ली थी। पैट कमिंस ने 6 सीजन दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेले हैं। कमिंस 2017 तक दिल्ली की टीम में थे, लेकिन 2017 में उन्हें केकेआर ने खरीद लिया था। 2020 में कमिंस सबसे महंगे खिलाड़ी रहे थे।
ट्रैविस हेड
विश्व कप 2023 के फाइनल में 137 रन की पारी खेलने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज ट्रैविस हेड भी इस बार आईपीएल में दिख सकते हैं। 19 दिसंबर को होने वाली ऑक्शन में उन पर मोटी बोली लग सकती है। हेड ने अभी तक आईपीएल के सिर्फ 2 ही सीजन खेले हैं। 2017 में उन्होंने आखिरी आईपीएल सीजन मैच खेला था। 2017 के बाद से वह आईपीएल नहीं खेले हैं। 2016 में उन्होंने 3 मैच खेले थे, जिसमें 27.00 की औसत से सिर्फ 54 रन बनाए थे। वहीं 2017 में उन्हें 7 मैच खेलने का मौका मिला था, जिसमें उन्होंने 30.20 की औसत से 151 रन बनाए थे।
डैरिल मिचेल
विश्व कप 2023 के पहले सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ शतकीय पारी खेलने वाले डैरिल मिचेल की भी 2 साल के बाद आईपीएल में वापसी हो सकती है। मिचेल 2022 में आईपीएल का इकलौता सीजन खेले थे, जिसमें उन्हें सिर्फ 2 मैच खेलने का मौका मिला था। उन 2 मैचों में उन्होंने 16.50 की औसत से सिर्फ 33 रन बनाए थे। मिचेल ने विश्व कप में खेले 10 मैचों में 69.00 की औसत से 552 रन बनाए थे। उन्होंने टूर्नामेंट में 2 शतक भी लगाए थे।
रचिन रविंद्र
भारतीय मूल के इस सलामी बल्लेबाज ने विश्व कप 2023 में सबसे अधिक प्रभावित किया है। रचिन रविंद्र ने विश्व कप में खेले 10 मैचों में 64.22 की शानदार औसत से 578 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 2 हाफ सेंचुरी लगाई। रचिन रविंद्र न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज हैं। उनके आईपीएल डेब्यू की चर्चा सबसे ज्यादा है।