रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के साथ ग्लेन मैक्सवेल का पहला मैच शानदार साबित हुआ। उन्होंने 28 गेंद पर ताबड़तोड़ 39 रन भी बनाए और टीम ने मुंबई इंडियंस को उद्घाटन मुकाबले में हरा भी दिया। शुक्रवार (9 अप्रैल) को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मैच के दौरान मैक्सवेल ने 953 दिन के सूखे को खत्म भी किया। आरसीबी के साथ जुड़ते ही उनकी किस्मत बदल गई और उन्होंने 100 मीटर का लंबा छक्का लगा दिया। इसे देखकर कप्तान विराट कोहली भी हैरान रह गए।
दरअसल, मैक्सवेल ने आईपीएल में अपना पिछला छक्का 27 अप्रैल 2018 को दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) की ओर से खेलते हुए कोलकाता नाइटराइडर्स के मिशेल जॉनसन की गेंद पर जड़ा था। उसके बाद से वे एक भी छक्का लगाने में कामयाब नहीं हो सके थे। इस दौरान मैक्सवेल ने 953 दिनों में दिल्ली के अलावा किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से भी खेले थे। दोनों टीमों के लिए उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। मैक्सवेल ने 2018 में 12 मैचों में 169 और 2020 में 13 मैचों में 108 रन बनाए थे। वे 2019 के सीजन में नहीं खेले थे।
A 100-meter monster from Glenn Maxwell!!!
He sends the ball out of the stadium.
Virat Kohli’s reaction says it all. #IPL2021 #GlennMaxwell #RCBvsMI #MIvRCB #Maxwellpic.twitter.com/npg3DhlcdI
— OneCricket (@OneCricketApp) April 9, 2021
मुंबई के खिलाफ 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी के दो विकेट पर 46 रन पर गिर गए थे। छठे ओवर की आखिरी गेंद पर मैक्सवेल क्रीज पर उतरे। उन्होंने विराट के साथ पारी को आगे बढ़ाया और तीसरे विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी की। मैक्सवेल इस दौरान आक्रामक रूप में दिखाई दे रहे थे। उन्होंने 28 गेंद की पारी में 3 चौके और दो छक्के जड़ दिए। मैक्सवेल ने पहला छक्का 11वें ओवर की पहली गेंद मारा। उन्होंने क्रुणाल पंड्या की गेंद को स्टेडियम के बाहर भेज दिया। इसके बाद राहुल चाहर की गेंद पर 12वें ओवर में छक्का जड़ा।
मैक्सवेल को आरसीबी ने 14.25 करोड़ रुपए में खरीदा है। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई टी20 लीग बिग बैश के अलावा नेशनल टीम के लिए भी शानदार प्रदर्शन किया है। अब देखना है कि आरसीबी के लिए वे अपनी अच्छी शुरुआत को जारी रख पाते हैं या नहीं। आरसीबी की टीम पहले मैच को जीतकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान से अपना खाता खोला है। उसका अगला मुकाबला इसी मैदान पर 14 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद से होगा।