इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए सूर्यकुमार यादव ने शानदार प्रदर्शन किया है। वह ऑरेंज कैप रेस में तीसरे नंबर पर हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ प्लेऑफ की लिहाज से महत्वपूर्ण मैच में उन्होंने 43 गेंद पर 73 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी के दम पर मुंबई इंडियंस 180 के स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।
आईपीएल 2025 में सूर्यकुमार ने मुंबई इंडियंस के लिए हर मैच में रन बनाए हैं। लगातार 13वीं पारी में उन्होंने 25 से ज्यादा रन बनाए और वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की। उनके अलावा साउथ अफ्रीका के क्रिकेटर टेम्बा बावुमा ने लगातार 13 टी20 पारियों में 25 से ज्यादा रन बनाए हैं।
सूर्यकुमार का आईपीएल 2025 में प्रदर्शन
सूर्यकुमार ने 23 मार्च (रविवार) को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस के पहले मैच में 26 गेंदों में 29 रन बनाए। इसके बाद 12 पारियों में उन्होंने 48, 27, 67, 28, 40, 26, 68, 40, 54, 48, 35 और 73 रन बनाए। सूर्यकुमार ने पहले ही काइल मेयर्स (11), क्रिस लिन (11), कुमार संगकारा (11), जैक्स रूडोल्फ (11), ब्रैड हॉज (11) को पीछे छोड़ दिया था।
सूर्यकुमार यादव ने 13 पारियों में 583 रन ठोके
सूर्यकुमार यादव ने 13 मैच की 13 पारियों में 72.88 के औसत और 170.47 के स्ट्राइक रेट से 583 रन बनाए हैं। इसमें 58 चौके और 30 छक्के शामिल हैं। उनसे ज्यादा शुभमन गिल 12 मैच में 601 और साई सुदर्शन ने 12 मैच में 617 रन बनाए हैं। साई सुदर्शन के पास ऑरेंज कैप है।
मुंबई को परेशानी से निकाला
सूर्यकुमार यादव ने मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ की लिहाज से महत्वपूर्ण मैच में संकट से निकाला। उन्होंने नमन धीर 8 गेंद पर 24 रन के साथ 21 गेंद पर 57 रन जोड़े। मुंबई इंडियंस का स्कोर 18 ओवर के बाद 5 विकेट पर 132 रन था। इसके बाद मुंबई 20 ओवर समाप्त होने पर 5 विकेट पर 180 रन तक पहुंचने में सफल रही।