इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024)में रविवार (14 अप्रैल) को रोहित शर्मा की जूझारू पारी के बाद भी मुंबई इंडियंस (MI) को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। रोहित शर्मा ने बेहतरीन शतक ठोका, लेकिन मुंबई को 20 रन से हार का सामना करना पड़ा। 207 रन के टारगेट के जवाब में मुंबई ने बेहतरीन शुरुआत की। एक समय ऐसा लग रहा था कि हार्दिक पंड्या की अगुआई वाली टीम मैच जीत जाएगी, लेकिन तिलक वर्मा के आउट होने के बाद मोमेंटम शिफ्ट हो गया।
मुंबई और चेन्नई के बीच इस मैच में 15 गेंद पर मैच पलटा। इन 15 गेंदों का सामना तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, टिम डेविड और रोहित शर्मा ने किया। मुंबई की पारी में 13.4 ओवर से 16 ओवर के बीच 15 गेंद पर केवल 5 रन बने। इन 15 में से 2 गेंद का सामना तिलक वर्मा ने किया। तिलक के आउट होने के बाद रोहित शर्मा का साथ देने हार्दिक पंड्या क्रीज पर आए। तिलक 14वें ओवर की 5वीं गेंद पर आउट हुए। मथिसा पथिराना ने इस ओवर में 6 रन दिए और एक विकेट लिया।
मुंबई को 6 ओवर में 77 रन चाहिए थे
मुंबई को 6 ओवर में 77 रन चाहिए थे। शार्दुल ठाकुर गेंदबाजी करने आए। उन्होंने 3 ओवर में 33 रन दिए थे। इस ओवर में 2 रन बने। इनमें 3 गेंद रोहित और 3 पंड्या ने खेला। इसके बाद तुषार देशपांडे गेंदबाजी करने आए। उन्होंने सिर्फ 3 रन दिए और 1 विकेट लिया। उन्होंने हार्दिक पंड्या को आउट किया। पंड्या 6 गेंद पर 2 रन बनाकर आउट हुए। इस ओवर में पंड्या ,रोहित और डेविड ने 2-2 गेंदों का सामना किया।
मथिसा पथिराना की घातक गेंदबाजी
मथिसा पथिराना ने इस मैच में घातक गेंदबाजी की। उन्होंने 28 रन देकर 4 विकेट लिए। पथिराना ने इशान किशन (15 गेंद पर 23) और सूर्यकुमार यादव (2 गेंद पर 0) को 3 गेंद के अंदर आउट किया। इसके बाद तिलक (20 गेंद पर 31) और रोमारियो शेफर्ड (2 गेंद पर 1) को आउट किया। उनकी गेंदबाजी इस मैच में काफी अहम रही।