लखनऊ सुपर जायंट्स के स्पीड स्टार मयंक यादव ने आईपीएल 2025 का पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेला। इस मैच में मयंक ने मुंबई के पूर्व कप्तान व स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा को आउट करते हुए अपने सीजन की शुरुआत की। इस मुकाबले में रोहित ने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन मयंक की एक स्लोअर पर वो चूक गए और अपना कैच प्रिंस यादव को थमा बैठे और उनकी पारी का अंत हो गया। मयंक ने पहली दो गेंदों पर लगातार 2 छक्के खाने के बाद रोहित को 5वीं गेंद पर आउट कर दिया और उसका बदला ले लिया।

मयंक ने लिया 2 छक्कों का रोहित से बदला

मयंक यादव ने इस मैच में अपनी टीम के लिए पारी का पहला ओवर फेंका था, लेकिन इस ओवर में रोहित शर्मा को उनके एक भी गेंद को फेस करने का मौका नहीं मिल पाया था। वहीं जब वो पहली पारी में अपने स्पैल का दूसरा ओवर फेंकने आए तब उनका सामना रोहित शर्मा के साथ हुआ। इस ओवर की पहली गेंद मयंक ने वाइड फेंक दी जबकि इसके बाद उन्होंने जो पहली दो गेंदें फेंकी उस पर रोहित शर्मा ने बेहतरीन छक्के जड़ दिए।

मयंक की पहली गेंद पर रोहित ने डीप स्क्वैर लेग के ऊपर से 66 मीटर का छक्का लगा दिया जबकि दूसरी गेंद पर उन्होंने स्क्वैर लेग के ऊपर से 77 मीटर का छक्का जड़ दिया। इसके बाद मयंक ने रोहित शर्मा को तीसरी और चौथी गेंद पर छका दिया और कोई रन नहीं बना, लेकिन पांचवीं गेंद उन्होंने स्लोकर फेंक दिया। मयंक ने ये गेंद 120 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से फेंकी थी और रोहित इस गेंद पर गच्चा खा गए और बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में शॉट थर्ड मैन पर खड़े प्रिंस यादव के हाथों में गेंद थमा बैठे।

रोहित ने इस मैच में 5 गेंदों पर 240.00 की स्ट्राइक रेट के साथ 12 रन की पारी खेली। उन्होंने शानदार शुरुआत की थी, लेकिन उसे बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए और आउट हो गए। रोहित ने पहले विकेट के लिए रयान रिकेल्टन के साथ मिलकर 33 रन की साझेदारी की।