भारत में इन दिनों जैसे डिवोर्स का मौसम आ गया है। एक के बाद एक कई सेलीब्रिटी अलग होने का ऐलान कर चुके हैं। इसमें कई क्रिकेटर्स भी शामिल हैं। अब इस लिस्ट में ओलंपिक मेडलिस्ट और छह बार की वर्ल्ड चैंपियन मैरीकॉम का नाम भी शामिल होते हुए दिखाई दे रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि मैरीकॉम अपने पति ओनलर से अलग हो गई हैं और फिलहाल एक क्रिकेटर को डेट कर रही हैं।
मैरीकॉम और ओनलर की लवस्टोरी को एक मिसाल माना जाता था। ओनलर को एक आदर्श पति के तौर पर देखा जाता था जिन्होंने मैरीकॉम को बॉक्सर बनाने के लिए अपना करियर त्याग दिया।
पति से अलग रह रही हैं मैरीकॉम
मैरीकॉम ने साल 2005 में ओनलर से शादी की थी। इससे पहले दोनों 5 साल तक डेट कर रहे थे। 20 सालों में वह तीन बेटों के माता-पिता बने और फिर 2018 में एक बेटी को गोद लिया। हालांकि इस समय दोनों अलग रह रहे हैं। मैरीकॉम अपने चार बच्चों के साथ फरीदाबाद में रह रही हैं जबकि ओनलर दिल्ली में किसी अन्य रिश्तेदार के घर रहे हैं। इन दोनों के अलग होने के पीछे कई वजह बताई जा रही हैं। इसमें एक मुख्य वजह मणिपुर के विधानसभा चुनाव में ओनलर की हार को बताया जा रहा है। मैरीकॉम ने ओनलर के प्रचार के लिए दो से तीन करोड़ रुपए खर्च किए थे और वह हार के बाद निराश थीं। हालांकि ओनलर चुनाव नहीं लड़ना चाहते थे और केवल मैरीकॉम के कहने पर चुनाव में उतरे।
ओनलर नहीं लड़ना चाहते थे चुनाव
हिंदुस्तान टाइम्स ने सूत्र के हवाल से लिखा, ‘चुनाव में लड़ना मैरी का विचार था। ओनलर ऐसा नहीं चाहते थे और मणिपुर के हालात को लेकर मैरी को चेताया भी था। उनके आम तौर पर होने वाले मनमुटाव और गंभीर हो गए और मैरी बच्चों के साथ फरीदाबाद चली गई।’ रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि ओनलर बच्चों से मिल नहीं पा रहे हैं। वह इस समय मानसिक रूप से काफी परेशान हैं। उन्होंने मैरीकॉम के लिए अपना करियर दांव पर लगाया था और अब अपने बच्चों से भी मिलने के लिए तरस रहे हैं।
मैरीकॉम ने हमेशा से ही अपने पति का सफलता का श्रेय दिया था। मैरीकॉम ने कहा कि पति ओनलर उन्हें बहुत ज़्यादा समर्थन देते हैं और उनकी हर जरूरत का ख्याल रखते हैं। पति ओनलर उनके लिए चीजें आसान बनाते हैं और शादी के बाद से वह उनकी ताकत का स्तंभ रहे। उन्होंने ही बच्चों की देखपाल की। मैरीकॉम ने कई मौकों पर ओनलर को एक आदर्श पति और पिता बताया। ऑनरल पेशे से फुटबॉलर थे, लेकिन उन्होंने मैरी कॉम के करियर को प्राथमिकता दी और घर पर रहकर बच्चों की देखभाल की। हालांकि सूत्रों के मुताबिक अब यह बॉक्सर क्रिकेटर को डेट कर रही हैं।
हितेश का नाम मैरीकॉम से जुड़ा
एक अन्य बॉक्सर ने बताया कि मैरीकॉम इन दिनों अपने बिजनेस एसोसिएट हितेश चौधरी को डेट कर रही हैं। उन्होंने कहा, ‘मैरीकॉम और ओनलर के अलग होने की बात महज अफवाह नहीं हो सकती। हर कोई दबी आवाज में मैरी मैम और अन्य बॉक्सर के पति के रिश्ते में होने की बात कर रहा है। मैरी भी अपने इंस्टाग्राम पर उसी शख्स को बिजनेस एसोसिएट बताकर तस्वीरें शेयर कर रही हैं।’
हितेश चौधरी ने खुद को बताया क्रिकेटर
मैरीकॉम इस साल फरवरी से लगातार हितेश चौधरी के साथ तस्वीरें और वीडियो शेयर कर रही हैं। उन्होंने हितेश को अपने मैरीकॉम फाउंडेशन का चैयरमैन बताया है। वह उनके साथ कुंभ समेत कई इवेंट्स में भी नजर आई हैं। हितेश ने अपनी प्रोफाइल के बायो में खुद को क्रिकेटर बताया है। वह अपने तमाम पोस्टर्स और इंस्टाग्राम पोस्ट पर खुद को बिजनेसमैन और क्रिकेटर ही बताते हैं। वह दिल्ली की केएमसी यूनिवर्सिटी से पढ़ें हैं और कई जगह दावा किया जा रहा है कि वह दिल्ली से ही रणजी खेले हैं। हालांकि जनसत्ता इसकी पुष्टी नहीं करता है।