महेंद्र सिंह धोनी अपने पूरे क्रिकेट करियर के दौरान विकेट के पीछे अपनी बेमिसाल तेजी और फुर्ती से बल्लेबाजों को परेशान करते रहे हैं। बल्लेबाज को स्टंप आउट करने की बात हो या फिर सीमा रेखा से किए गए थ्रो को स्टंप पर अपने हाथ के इशारे से दिशा देने की बात हो महेंद्र सिंह धोनी को कोई सानी नहीं है। धोनी खिलाड़ियों को स्टंप की ओर देखे बिना ही रन आउट करने के ​अपने खास अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। 2016 टी20 विश्वकप में बांग्लादेश के खिलाफ अंतिम ओवर में मुस्तफिजुर रहमान को किया गया उनका रन आउट भला कौन भूल सकता है। महेंद्र सिंह धोनी ने यह कारनामा एक बार फिर दोहराया आईपीएल 10 के 30वें मुकाबले में। उन्होंने केकेआर के खिलाफ खेले गए इस मैच में सुनील नारायण को रन आउट किया।

इस मैच में राइजिंग पुणे सुपरजाएंट ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट के नुकसान पर 182 रन का स्कोर खड़ा किया। केकेआर की टीम ने 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करना शुरू किया और गौतम गंभीर के साथ सुनील नारायण ने पारी की शुरुआत की। केकेआर की पारी के तीसरे ओवर में स्पिनर वाशिंगटन सुंदर ने गौतम गंभीर के पैड पर गेंद डाली, जिसे गंभीर ने फाइनलेग की ओर खेल दिया। गंभीर ने इस गेंद पर सिंगल लेने के लिए सुनील नारयण को कॉल किया। सुनील नारायण डेंजर एंड की ओर दौड़ रहे थे। शार्दुल ठाकुर ने गेंद को तेजी से फील्ड करते हुए महेंद्र सिंह धोनी के पास अंडर आॅर्म थ्रो किया। एमएस धोनी ने गेंद को गैदर करने की बजाए सिर्फ स्टंप की तरफ अपने ग्लव्स से दिशा दे दिया। सुनील नारायण जब तक क्रीज में पहुंचते गेंद स्टंप्स करे चूम चुकी थी और बेल्स उड़ गए थे। इस तरह सुनील नारायण धोनी के बेहतरीन विकेटकीपिंग स्किल का शिकार बने।

हालांकि, इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने राइजिंग पुणे सुपरजाएंट को 11 गेंद शेष रहते 7 विकेट से हरा दिया। कप्तान गौतम गंभीर ने 46 गेंदों में 6 चौकों और 1 छक्के की मदद से 62 रनों की पारी खेली। वहीं, रॉबिन उथप्पा ने 4 गेंदों में 7 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 87 रन बनाते हुए पुणे द्वारा रखे गए 183 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को भी बौना साबित कर दिया। यह आईपीएल 10 में आठ मैचों में केकेआर की छठीं जीत है। इसके साथ ही केकेआर ने मुंबई इंडियंस को पीछे छोड़ते हुए अंकतालिका में शीर्ष स्थान कब्जा लिया है। वहीं, राइजिंग पुणे सुपरजाएंट की यह आठ मैचों में चौथी हार है। चार मुकाबलों में उसे जीत मिली है। दोनों टीमों को 6-6 मैच और खेलने हैं।