प्यार का मतलब यह नहीं है कि आप कितने दिन, महीने या साल एक साथ रहे हैं। प्यार का मतलब है कि आप हर दिन एक-दूसरे से कितना प्यार करते हैं। यह विचार रविचंद्रन अश्विन और उनकी पत्नी प्रीति नारायणन के बीच के रिश्ते को दर्शाता है। दुनिया भले ही अश्विन को क्रिकेट के मैदान पर उनके जादू के लिए जानती हो, लेकिन उनका निजी जीवन, विशेषकर प्रीति के साथ उनकी प्रेम कहानी भी उतनी ही दिलचस्प है।

अश्विन ने 18 दिसंबर 2024 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया। उनकी घोषणा के साथ ही भारतीय क्रिकेट के एक युग का अंत हो गया। क्रिकेट के सफर के दौरान विकेटों और प्रशंसाओं से परे यह उनकी पत्नी ही थीं जो उनके करियर के हर मोड़ पर उनके साथ रहीं।

अश्विन और प्रीति नारायणन की प्रेम कहानी यह साबित करती है कि सच्चा प्यार पहली नजर में नहीं होता, बल्कि समय के साथ कुछ असाधारण बन जाता है। अश्विन और प्रीति नारायणन के बीच रिश्ता तूफानी रोमांस से नहीं शुरू हुआ था। वे दोनों बचपन के सहपाठी थे, लेकिन उनकी प्रेम कहानी ‘पहली नजर में प्यार’ वाली नहीं थी। अश्विन और प्रीति की पहली मुलाकात चेन्नई के पद्मा शेषाद्रि बाला भवन स्कूल में हुई थी।

छठी क्लास का प्यार

प्रीति जब छठी क्लास में पहुंची तो उन्हें अश्विन की कक्षा में स्थानांतरित कर दिया गया। यही वह समय था जब उनकी राहें एक दूसरे से मिलीं। अश्विन के दिल में तो पहले से ही प्रीति के लिए सॉफ्ट कॉर्नर रहता था। हालांकि, जैसाकि अक्सर होता है, प्रीति की ओर से रिस्पांस बहुत ठंडा रहा। वह स्कूल से उनके लगातार अनुपस्थित रहने से प्रभावित नहीं थी। दरअसल, खेल संबंधी गतिविधियों के कारण अश्विन अक्सर कक्षा में अनुपस्थित रहते थे।

समय के साथ प्रीति के ‘दीवाने’ होते गए अश्विन

साल बीतते गए और प्रीति के प्रति अश्विन की फीलिंग्स गहराती गईं। वहीं, प्रीति अपनी जिंदगी में आगे बढ़ गईं। वयस्क होने पर जब दोनों फिर मिले तब जाकर चीजों ने नया मोड़ लिया। प्रीति एक इवेंट कंपनी के लिए काम कर रही थीं। उसी दौरान एक उभरता हुआ क्रिकेटर फिर से उनकी जिंदगी में आया, जिसका नाम रविचंद्रन अश्विन था। तब तक अश्विन का प्रीति पर क्रश बहुत गहरा हो चुका था। उनके सभी करीबी प्रीति के प्रति उनकी भावनाएं जानते थे।

क्रिकेट के मैदान पर शुरू हुआ प्यार

प्रीति ने इस पुनर्मिलन के दौरान ही अश्विन को नये नजरिये से देखना शुरू किया। प्रीति ने इंडिया टुडे को बताया था, ‘जब मैं चेन्नई सुपर किंग्स का अकाउंट मैनेज कर रही थी, तब मैंने उसे फिर से देखा। अचानक, वह 6 फुट का हो गया था। हम एक-दूसरे को ग्रेड 7 से जानते थे और बस ऐसे ही सबकुछ बदल गया।’

वर्षों की दोस्ती और जुड़ाव एक दिल को छू लेने वाले प्रस्ताव में परिणत हुआ। अश्विन भी आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह तैयार थे। उन्होंने इस पल को बेहद निजी और सार्थक बना दिया। डेट या डिनर पर जाने के बजाय उन्होंने प्रीति को एक ऐसी जगह ले जाना चुना जिसने उसके जीवन को आकार दिया था। वह था क्रिकेट का मैदान।

अश्विन ने बताया कि क्रिकेट का मैदान जहां से उनकी यात्रा शुरू हुई, उनके दिल की चाबी थी। यहीं पर उन्होंने खेल के लिए अपने प्यार को विकसित किया था। यहीं पर वह प्रीति को बताना चाहते थे कि कैसे उनके लिए उनका प्यार वर्षों से कायम है।

प्रीति भी हैं बहुत होनहार

प्रीति की एक्टिविटीज भी कम प्रभावशाली नहीं हैं। वह एक फिटनेस फ्रीक, मैराथन धावक और प्रशिक्षित शास्त्रीय नर्तकी हैं। इन सबके साथ ही वह समर्पित गृहिणी भी हैं। इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोवर्स की संख्या उनके जीवन और अश्विन के साथ उनके प्यार भरे रिश्ते की झलक दिखाते हैं। अश्विन हाल ही में अपने एक बयान के कारण विवादों में घिर गए हैं। उन्होंने हिंदी को लेकर ऐसी बात कह दी है जिसपर बवाल मच गया है। पूरी खबर यहां पढ़ें