भारतीय क्रिकेटर मयंक अग्रवाल और पेशे से वकील आशिता सूद की लव स्टोरी किसी परी कथा जैसी है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो मयंक आशिता से एक दिवाली पार्टी में मिले थे। वह पार्टी उनके माता-पिता की ओर से आयोजित की गई थी। दोनों के परिवार एक दूसरे को पहले से जानते थे। सुनने में भले ही अटपटा लगे, लेकिन यह दोनों के लिए पहली नजर का प्यार था। पहली मुलाकात में ही दोनों एक दूसरे को दिल दे बैठे थे।
दोनों ने एक दूसरे को करीब 7 साल तक डेट किया। इसके बाद साल 2018 में दोनों ने शादी की। मयंक ने आशिता को प्रपोज भी बिल्कुल फिल्मी अंदाज में किया था। मयंक ने आशिता को जनवरी 2018 में लंदन में टेम्स नदी के किनारे बने हवाई झूले ‘लंदन आई’ पर प्रपोज किया था। आशिता ने भी मयंक के प्रपोजल को स्वीकारने में देरी नहीं की थी। बता दें कि ‘लंदन आई’ झूले की ऊंचाई करीब 135 मीटर है।
मयंक के इस तरह से प्रपोज करने को लेकर आशिता ने कहा था, ‘मुझे इस बात का कतई अंदाजा नहीं था कि मयंक शादी के लिए प्रपोज करने जा रहे हैं, क्योंकि मयंक का फोन खराब था। इसके चलते मैं उनसे ज्यादा बात नहीं कर पाती थी।’
एक इंटरव्यू में आशिता को लेकर मयंक से सवाल किए गए थे। तब मयंक ने कहा था कि उन्हें आशिता की सादगी बहुत पसंद है। मयंक और आशिता की मुलाकात शादी से बहुत पहले हुई थी। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे। मयंक ने कहा था, ‘मैं आशिता को 7 साल से जानता था। वह बहुत साधारण लड़की हैं। उनकी इसी अदा पर मैं फिदा हो गया था।’
मयंक का जन्म 16 फरवरी 1991 को बेंगलुरु में हुआ था। मयंक अग्रवाल ने भारत के लिए अपना पहला मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 26 दिसंबर 2018 को मेलबर्न में खेला था। आशिता सूद भी बेंगलुरु की रहने वाली हैं। उनके पिता प्रवीण सूद पुलिस कमिश्नर रह चुके हैं। वह 1986 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। आशिता ने कानून में मास्टर डिग्री हासिल की है।