India Maharajas vs World Giants, Legends League Cricket Highlights: पंकज सिंह की कातिलाना गेंदबाजी के बाद तन्मय श्रीवास्तव और यूसुफ पठान के शानदार अर्धशतकों के दम पर इंडिया महाराजास ने लीजेंड्स लीग क्रिकेट से पहले एक स्पेशल मैच में वर्ल्ड जायंट्स के धुरंधरों को 6 विकेट से धूल चटा दी। यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डंस मैदान पर 16 सितंबर 2022 की रात खेला गया।

इस मैच में वर्ल्ड जायंट्स के कप्तान जैक्स कैलिस ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। वर्ल्ड जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 170 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया महाराजास की टीम ने 18.4 ओवर में 4 विकेट पर 175 रन बनाकर मैच जीत लिया। पंकज सिंह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।

हरभजन सिंह की अगुआई वाली इंडिया महाराजास की टीम ने एक समय 50 रन के भीतर तीन विकेट (वीरेंद्र सहवाग, पार्थिव पटेल और मोहम्मद कैफ) के विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, तन्मय श्रीवास्तव ने एक छोर संभाले रखा और यूसुफ पठान के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 103 रन की साझेदारी की।

उत्तर प्रदेश के कानपुर में 7 नवंबर 1989 को जन्में तन्मय श्रीवास्तव 8 चौके और एक छक्के की मदद से 39 गेंद में 54 रन बनाए। तन्मय श्रीवास्तव 2008 आईसीसी अंडर-19 विश्व कप विजेता भारतीय टीम का हिस्सा थे। उन्होंने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था।

तन्मय श्रीवास्तव जब आउट हुए तब इंडिया महाराजास को 17 गेंद में जीत के लिए 18 रन बनाने थे। उनकी जगह बल्लेबाजी के लिए इरफान पठान ने 3 छक्के की मदद से 9 गेंद में नाबाद 20 रन ठोककर इंडिया महाराजास को 8 गेंद पहले ही जीत दिला दी। यूसुफ पठान 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 35 गेंद में 50 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले वर्ल्ड जायंट्स की शुरुआत शानदार रही। केविन ओ’ब्रायन और हैमिल्टन मसाकाद्जा (Hamilton Masakadza) ने 33 गेंद में पहले विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की। हैमिल्टन मसाकाद्जा 18 रन बनाकर आउट हुए।

पंकज सिंह की गेंद पर तन्मय श्रीवास्तव ने उनका कैच लपका। केविन ओ’ब्रायन 10वें ओवर की तीसरी गेंद पर पवेलियन लौटे। उन्होंने 9 चौके और एक छक्के की मदद से 31 गेंद में 52 रन बनाए। जोगिंदर शर्मा की गेंद पर हरभजन सिंह ने उनका कैच लपका।

इसके बाद जैक्स कैलिस लंबी पारी नहीं खेल पाए। वह 12 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें हरभजन सिंह ने बोल्ड किया। इसके बाद वेस्टइंडीज के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश रामदीन ने एक छोर पर लंगर डालकर बल्लेबाजी की। वह 5 चौके और एक छक्के की मदद से 29 गेंद में 42 रन बनाकर नाबाद रहे।

हालांकि, उनके अलावा श्रीलंका के पूर्व खिलाड़ी थिसारा परेरा ही दहाई का आंकड़ा छू पाए। थिसारा परेरा 16 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान एक चौका और 2 छक्के लगाए। उन्हें मोहम्मद कैफ ने अपना शिकार बनाया।

वर्ल्ड जायंट्स का स्कोर 19 ओवर में 6 विकेट पर 170 रन था। इसके बाद हरभजन सिंह ने ने पंकज सिंह को गेंद थमाई। पंकज सिंह भी उनके भरोसे पर खरे उतरे। उन्होंने आखिरी ओवर की पहली, तीसरी और छठी गेंद पर रोमेश कालूवितर्णा, टिम ब्रेसनैन और डेनियल विटोरी के विकेट चटकाए।

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में 6 मई 1985 को जन्में पंकज सिंह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के उद्घाटन संस्करण यानी आईपीएल 2008 का खिताब जीतने वाली राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रह चुके हैं।