Legends League Cricket 2022: लिजेंड्स लीग क्रिकेट 2022 के पहले मैच में ही बल्लेबाजों ने गेंदबाजों की जमकर कुटाई की। इंडिया कैपिटल्स और गुजरात जायंट्स के बीच में दो शतक लगे। मुकाबले में 34 चौके और 16 छक्के लगे। इंडिया कैपिटल्स को गुजरात जायंट्स ने 3 विकेट से हरा दिया। कैरेबियाई क्रिकेटर एश्ले नर्स की 43 गेंदों पर 8 चौके और 9 छक्के की मदद से 103 रन बनाए और इंडिया कैपिट्ल्स ने 20 ओवर में 7 विकेट 179 रन बनाए।

गौतम गंभीर इस मैच में नहीं खेले और जैक कैलिस ने कैपिटल्स की अगुआई की। 180 रनों के लक्ष्य के वीरेंद्र सहवाग की अगुआई वाली गुजरात जायंट्स की टीम ने केविन ओ ब्रायन की 15 चौके और 3 छक्के की मदद से 61 गेंदों पर 106 रनों की पारी की मदद से 18.4 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

नर्स ने डेथ ओवर्स में गेंदबाजों की जमकर कुटाई की

कोलकाता के ईडेन गार्डेंस मैदान पर गुजरात जायंट्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इंडिया कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 6.2 ओवर में ही 34 रन पर 4 विकेट गंवा दिए। इसके बाद नर्स बल्लेबाजी करने आए और उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी शुरू की। 12 ओवर में टीम का स्कोर 6 विकेट पर 74 रन था। उन्होंने डेथ ओवर्स में गेंदबाजों की जमकर कुटाई की। उन्होंने शुरुआत की 17 गेंदों पर 21 रन बनाए थे। इसके बाद केवल 24 गेंदों पर 81 रन ठोक दिए।

ओ ब्रायन के आउट होने के बाद जायंट्स ने गंवाए तीन विकेट

कैपिटल्स की ओर से दिनेश रामदीन ने भी 26 रन में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 31 रन की पारी खेली। इस बीच नर्स ने दो ओवर फेंके 21 रन दिए और पार्थिव पटेल का अहम विकेट लिया। जायंट्स की ओर से ओ ब्रायन को पार्थिव पटेल 24 और यशपाल सिंह 21 का अच्छा साथ मिला। वह जब 18वें ओवर में आउट हुए तो टीम को 15 गेंदों पर 5 रनों की दरकार थी। टीम ने इसके बाद 3 और विकेट गंवा दिए।

प्रवीण तांबे ने झटके दो गेंदों पर दो विकेट

लियाम प्लंकेट ने 18 वें ओवर की आखिरी गेंद पर तिसारा परेरा को आउट किया। इसके अगले ओवर में प्रवीण तांबे ने एल्टन चिगंबुरा और रायद इमरित को लगातार गेंदों पर आउट कर दिया। अगली गेंद उन्होंने वाइड फेंक दी और जायंट्स ने 8 गेंद शेष रहते मैच जीत लिया। प्लंकेट ने 2 और तांबे ने 3 विकेट झटके।