साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज का चौथा और अंतिम मुकाबला नई दिल्ली के फिरोज शाह कोटला मैदान में चल रहा है। भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 7 विकेट गंवाकर 231 रन बनाए। रोशनी कम होने की वजह से खेल कुछ वक्त पहले ही रोक दिया गया। सिर्फ 84 ओवर गेंदबाजी ही हो सकी। टीम इंडिया को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने का श्रेय रहाणे को जाता है। उन्होंने टीम का स्कोर 139 पर 6 से आगे बढ़ाकर 7 विकेट पर 231 रन तक पहुंचाने में अच्छी साझेदारी की। स्टंप्स तक अजिंक्य रहाणे 89 जबकि अश्विन 6 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे।
सातवें विकेट के तौर पर रविंद्र जडेजा 24 रन बनाकर अबॉट का शिकार बने। इससे पहले, रिद्धिमान साहा 1 रन बनाकर एबॉट के हाथों बोल्ड हुए। उस वक्त टीम इंडिया का स्कोर 139 रन था। पांचवें विकेट के तौर पर रोहित शर्मा पीड के शिकार बने। उन्होंने भी महज एक रन बनाया। इससे पहले, भारत का चौथा विकेट कप्तान विराट कोहली के रूप में गिरा। कोहली 44 रन बनाकर आउट हुए। टीम इंडिया ने तीसरा विकेट चेतेश्वर पुजारा के रुप में गंवाया। पुजारा 14 रन बनाकर अबॉट के हाथों बोल्ड हुए। उनसे पहले शिखर धवन, 29 वें ओवर की पांचवीं गेंद पर पीड के हाथों एलबीडब्ल्यू हो गए। धवन 33 के निजी स्कोर पर आउट हुए।
भारत ने टॉस जीत कर बल्लेबाजी का फैसला किया। शुरू से ही उसका खेल धीमा रहा। 17वें ओवर में जब भारत का पहला विकेट गिरा, तब केवल 30 रन बने थे। अगले चार ओवर में केवल 10 रन जुड़े। यानी 21वें ओवर तक भारत 40 रन बना सका। 21वें ओवर तक बाएं हाथ के ओपनर बल्लेबाज शिखर धवन ने 54 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 24 रन बनाए थे। वह 6 ओवर तक खाता भी नहीं खोल सके थे। उनके पार्टनर मुरली विजय 59 बॉल पर 12 रन बना कर आउट हुए। उन्हें 98वें गेंद पर अमला ने कैच आउट किया। उस समय भारत का स्कोर 30 था। उनके बाद चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर आए।
मैच के पहले 6 ओवर में केवल छह रन बने थे। मुरली विजय और शिखर धवन ने ओपनिंग की। धवन का छह ओवर तक खाता भी नहीं खुला। वैसे, इस मैदान पर भारत 22 साल (1993) से कोई भी टेस्ट हारा नहीं है। लेकिन, इससे पहले साउथ अफ्रीका के साथ इस मैदान पर भारत का कोई टेस्ट मैच हुआ भी नहीं है। हालांकि, नागपुर में भारत ने साउथ अफ्रीका को बुरी तरह हराया था। इससे उसके हौसले बुलंद हैं।
Live Cricket Scorecard: India vs South Africa
अमित की जगह उमेश यादव टीम में: भारत ने अमित मिश्रा की जगह उमेश यादव को प्लेइंग इलेवन में रखा है। यानी नागपुर के उलट दिल्ली में कप्तान विराट कोहली दो स्पिनर्स के साथ खेल रहे हैं। सीरीज गंवा चुकी साउथ अफ्रीका ने अपनी टीम में तीन बदलाव किए हैं। स्टीयान वान जिल, कागिसो राबाडा और साइमन हार्मर को बाहर रखा गया है जबकि उनकी जगह तेम्बा बायूमा, डेन पीड और काइली एबॉट को मौका दिया गया है।
सीरीज भारत के पास: इस सीरीज के पहले टेस्ट मैच में मोहाली में भारत ने साउथ अफ्रीका को 108 रन से हराया था। बेंगलुरु में खेला गया दूसरा टेस्ट मैच बारिश में धुल गया था। तीसरा मैच नागपुर में हुआ था। वहां तीसरे दिन ही भारत 124 रन से जीत गया था।
कोटला में भारत का रिकॉर्ड बेहतर
1993 से अब तक भारत ने फिरोज शाह कोटला मैदान में 10 टेस्ट मैच खेले हैं। इनमें से नौ जीते हैं। 2007 में ऑस्ट्रेलिया के साथ खेला गया टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था। 2013 में तो भारत ने ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ तीन दिन में ही हरा दिया था। इस मैदान पर भारत की आखिरी हार 1987 में हुई थी। तब टीम इंडिया को वेस्ट इंडीज ने हराया था।
टीमें…
टीम इंडिया : मुरली विजय, शिखर धवन, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, रोहित शर्मा, रिद्धिमान साहा, रवींद्र जडेजा, आर. अश्विन, उमेश यादव, इशांत शर्मा।
साउथ अफ्रीका : डीन एल्गर, हाशिम अमला, एबी डिविलियर्स, तेम्बा बायूमा, फॉफ डु प्लेसिस, जेपी डुमिनी, विलास, डेन पीड, काइली एबॉट, मोर्ने मोर्कल, इमरान ताहिर।