श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा 5 साल के बाद मुंबई इंडियंस में लौट आए हैं। दरअसल, आईपीएल 2024 के लिए मुंबई इंडियंस ने लसिथ मलिंगा को अपना तेज गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। मलिंगा को यह जिम्मेदारी शेन बॉन्ड की जगह दी गई है जो पिछले 9 सीजन से इस पद पर थे।

राजस्थान छोड़ मुंबई में लौटे मलिंगा

आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए 8 सीजन खेल चुके लसिथ मलिंगा अभी तक राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजी कोच थे। 2021 में रिटायर होने के बाद मलिंगा 2022 में राजस्थान रॉयल्स से जुड़े थे। उन्होंने रॉयल्स के साथ दो सीजन काम किया। इन दो सालों में राजस्थान रॉयल्स में उनके साथ कुमार संगकारा भी थे, जो टीम के क्रिकेट डायरेक्टर हैं।

मुंबई के लिए 8 साल खेले हैं मलिंगा

IPL इतिहास में मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले लसिथ मलिंगा 2017 तक मुंबई के लिए खेले हैं। मलिंगा के रहते हुए मुंबई ने पांच टाइटल (2013, 2015, 2017 और 2019) अपने नाम किए हैं। इसके अलावा 2011 में चैंपियंस लीग जीतने वाली मुंबई इंडियंस की टीम में लसिथ मलिंगा भी थे। मलिंगा ने मुंबई के लिए कुल 139 मैच खेले जिसमें 7.12 की इकॉनमी रेट से 195 विकेट लिए। इनमें से 170 विकेट आईपीएल में आए।

शेन बॉन्ड की जगह आए मलिंगा

मुंबई इंडियंस में अभी तक तेज गेंदबाजी कोच की भूमिका न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर शेन बॉन्ड निभा रहे थे। शेन बॉन्ड 2015 में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे। शेन बॉन्ड की विदाई के बाद हालांकि अभी इसकी जानकारी नहीं है कि ILT20 में एमआई एमिरेट्स के मुख्य कोच के रूप में बने रहेंगे या नहीं। उन्हें इस साल जनवरी में यह जिम्मेदारी दी गई थी।