हरभजन सिंह करियर की शुरुआत से ही अपनी फिरकी में दिग्गज बल्लेबाजों को उलझाने लगे थे, लेकिन एक चीज जो उन्हें बहुत ज्यादा परेशान करती थी, वह थी अंग्रेजी जुबान। यह परेशानी तब और बढ़ जाती थी, जब वे मैन ऑफ द मैच या मैन ऑफ द सीरीज चुने जाते थे, क्योंकि उन्हें शंका रहती थी कि प्रजेंटेटर उनसे अंग्रेजी में सवाल पूछेगा तो वह जवाब कैसे देंगे।
हालांकि, उन्होंने अपनी श्रीलंकाई गर्लफ्रेंड की मदद से अंग्रेजी का ककहरा सीखना शुरू किया। अब स्थिति यह है कि हरभजन सिंह स्काई स्पोर्ट्स जैसे चैनल पर अंग्रेजी में कमेंट्री भी करते हैं। हरभजन ने 8 साल तक रिलेशन में रहने के बाद बॉलीवुड एक्ट्रेस गीता बसरा से 29 अक्टूबर 2015 को जालंधर में शादी की थी। उनकी एक बेटी हिनाया हीर है। उसका जन्म 27 जुलाई 2016 को हैम्पशायर में हुआ था।
श्रीलंकाई लड़की से अफेयर और उससे अंग्रेजी सीखने की बात हरभजन सिंह ने द कपिल शर्मा शो में कबूली थी। खास यह था कि उस शो में उनकी पत्नी गीता बसरा भी मौजूद थीं। हरभजन की बात सुनकर गीता बसरा सन्न रह गईं थीं। उस समय उनका रिएक्शन देखना लायक था। हालांकि, शो के एंकर कपिल शर्मा ने उनसे रिक्वेस्ट की भज्जी को कुछ नहीं कहिए, क्योंकि ईमानदारी से वह अफेयर की बात स्वीकार रहे हैं।
शो के दौरान हरभजन ने सहजता से स्वीकार किया कि वह अंग्रेजी में बात करने से बचने के लिए कुछ खाने लगते थे। हरभजन ने यह भी बताया कि वे अंडर-19 टूर पर दक्षिण अफ्रीका गए थे। वहां उनके रूममेट अजित अगरकर थे। अगरकर जब रूम सर्विस से अंग्रेजी में कुछ मंगाते तो वह सुनते रहते। एक बार उन्होंने भी खाने के लिए के लिए रूम सर्विस का ऑर्डर देने की सोची। लेकिन वे अंग्रेजी बोलते हुए इतना प्रेशर में आ गए कि सब कुछ भूल गए। रूम सर्विस वाले को हरभजन की भाषा समझ नहीं आई।
यही नहीं हरभजन ने पत्नी गीता बसरा के सामने कबूल किया कि वे श्रीलंका की एक लड़की को डेट कर चुके हैं। उसी गर्लफ्रेंड ने उन्हें अंग्रेजी भाषा सीखने में मदद की। हरभजन ने कहा, ‘वास्तव में यहां मैं मान ही लेता हूं कि गलती से मेरे साथ श्रीलंका की एक लड़की सेट हो गई थी।’ उनकी इस बात कपिल और शो में बैठे सभी लोग जोर से हंसने लगे। कपिल ने गीता से कहा, ‘कुछ कहना मत प्लीज, बोलने दो, बंदा ईमानदार है। हां, जी।’
फिर हरभजन ने बताया, ‘तो वह (श्रीलंकाई गर्लफ्रेंड) जैसे-जैसे अंग्रेजी में बोलती थी, तो उसकी बात सुन-सुनकर सीखता था। उसने मेरी अंग्रेजी बल्कि यूं कहूं कि थोड़ा सा खोल दिया। मैं कोशिश करने लग गया, कि हाऊ आर यू और ऐसे ही छोटे-मोटे वाक्य। तो वहां से थोड़ा बहुत सीखना शुरू हो गया था। वैसे अब मैं पिछले साल स्काई स्पोर्ट्स के लिए कॉमेंट्री करके आया हूं, इंग्लिश में।’