Coronavirus: सिंगर कनिका कपूर के कोरोनावायरस पॉजिटिव पाए जाने के बाद लखनऊ में हड़कंप मचा हुआ है। शुक्रवार यानी 20 मार्च को कनिका के बिमारी के बारे में पता चला था। वे लंदन से लौटने के बाद लखनऊ में ठहरी थी। स्थानीय प्रशासन और यूपी के स्वास्थ्य विभाग के लगभग 1,000 सदस्यों वाली 100 से अधिक टीमों को 11 मार्च से शहर में रहने के दौरान गायिका कनिका कपूर के सभी संभावित संपर्कों को ट्रैक करने का काम सौंपा गया है। अब यह पता चला है कि दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम उसी होटल में थी, जहां कनिका लंदन से लौटने के बाद रुकी थी।

शनिवार यानी 21 मार्च को जांच टीम ने कनिका के घर के आसपास रहने वाले लगभग 22,000 घरों को स्कैन किया। विशेषज्ञों की एक अन्य टीम लखनऊ के पांच सितारा होटल के वीडियो फुटेज और सीसीटीवी रिकॉर्ड्स को स्कैन कर रही है, जहां कनिका 14 से 16 मार्च के बीच रुकी थीं। अफ्रीकी टीम 12 मार्च से 18 मार्च तक के लिए भारत दौरे पर आई थी। धर्मशाला में 12 मार्च को हुआ पहला वनडे बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था। इसके बाद कोरोनावायरस के कारण 15 मार्च (लखनऊ) और 18 मार्च (कोलकाता) को होने वाले मैच को रद्द कर दिया गया था।

जांच में लगे एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ऐसी खबरें हैं कि कनिका ने होटल के बुफे में भोजन किया और लॉबी में कई मेहमानों से मिली थी। वह उस समय वहीं थीं, जब दक्षिण अफ्रीकी टीम भारत के खिलाफ वनडे मैच के लिए होटल में ठहरी थी। होटल के बंद कर दिया गया। ऐसी जानकारी है कि कनिका को होटल में आयोजित एक समाचार चैनल के वार्षिक सम्मेलन में भाग लेते हुए देखा गया था। इसलिए सीसीटीवी फुटेज को स्कैन करना और उनके संपर्क में आने वालों की सूची बनाना महत्वपूर्ण है।’’

कोरोनावायरस के कारण ही वनडे सीरीज को टाल दिया गया है। दक्षिण अफ्रीकी टीम अपने घर पहुंच चुकी है। खिलाड़ियों ने खुद को 14 दिन के लिए सेल्फ आईसोलेट कर लिया है। दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट बोर्ड ने देश में सभी तरह के क्रिकेट पर 60 दिनों के लिए रोक लगा दी है। कोरोनावायरस के कारण दुनिया के 188 देशों में 13 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। अब तक 3 लाख से ज्यादा मामले सामने हैं। इनमें से 95 हजार से ज्यादा मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। इटली में ही केवल 4800 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।