बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच सिलहट में पहले टेस्ट के दूसरे दिन केन विलियमसन ने शतक जड़ा। यह उनके टेस्ट करियर का 29वां शतक था। इसके साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी दिवंगत डॉन ब्रैडमैन और टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली की बराबरी कर ली। कोहली और ब्रैडमैन के टेस्ट में इतने ही शतक हैं।
केन विलियमसन की बेहतरीन फॉर्म का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने पिछली 5 में से 4 पारियों में शतक जड़ा है। इनमें से एक दोहरा शतक है। गौर करने वाली बात यहा है कि विलियमसन 8 महीने बाद टेस्ट मैच खेल रहे हैं। इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023)में घुटना टुड़वा बैठे थे और मैदान से काफी समय दूर रहे। हालांकि, उनकी बल्लेबाजी देखकर नहीं लग रहा कि वह क्रिकेट से दूर थे। वर्ल्ड कप 2023 में भी उन्होंने ऐसा ही प्रदर्शन किया था।
केन विलियमसन का टेस्ट क्रिकेट में 2023 में प्रदर्शन
केन विलियमसन ने 2023 में 29 नवंबर तक 6 मैच की 10 पारियों में 656 रन बना चुके हैं। उनका औसत 82 का है। 215 उनका सर्वोच्च स्कोर है। उन्होंने 4 शतक जड़े हैं। बांग्लादेश से पहले उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में शतक जड़ा था। इसके बाद उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ क्राइस्टचर्च और वेलिंग्टन में श्रीलंका के खिलाफ शतक जड़ा। क्राइस्टचर्च में दूसरी पारी में उन्होंने दोहरा शतक जड़ा था।
बांग्लादेश के खिलाफ न्यूजीलैंड को संभाला
केन विलियमसन ने अपनी शतकीय पारी से बांग्लादेश के खिलाफ न्यूजीलैंड को संभाला। वह 13 वें ओवर में टॉम लैथम के आउट होने के बाद क्रीज पर उतरे। तब न्यूजीलैंड का स्कोर 12.5 ओवर में 1 विकेट पर 36 रन था। इके बाद डेवोन कॉनवे 16वें ओवर में आउट हो गए। उन्होंने 12 रन बनाए। कीवी टीम का स्कोर 44 रन था। हेनरी निकोल्स 19, डारेल मिचेल 41 और ग्लेन फिलिप्स 42 रन बनाकर आउट हुए।
केन विलियमसन 104 रन बनाकर आउट
विलियसमन शतक लगाने के बाद आउट हो गए। उन्होंने 205 गेंद पर 11 चौकों की मदद से 104 रन बनाए। उनके आउट होने तक न्यूजीलैंड का स्कोर 7 विकेट पर 262 रन था। बांग्लादेश के लिए ताइजुल इस्लाम ने 3 विकेट लिए। इसके अलावा शोरिफुल इस्लाम, मेहदी हसन मिराज, नईम हसन और मोमिनुल हक ने 1-1 विकेट लिए।
