मदुरै में FIH Junior Men’s World Cup (जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप) में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत ने मंगलवार 2 दिसंबर 2025 की रात स्विट्जरलैंड को 5-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
खास बात यह रही कि मनमीत सिंह ने अपने जन्मदिन पर दो गोल दागकर मुकाबले को यादगार बना दिया। इस जीत के साथ भारत ने पूल बी में लगातार तीसरी जीत दर्ज की और 9 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर रहते हुए अंतिम-8 में प्रवेश किया।
मनमीत बने हीरो
मुकाबले की शुरुआत में स्विट्जरलैंड ने पहले ही मिनट में लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर भारत पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस और गोलकीपर ने बेहतरीन बचाव किया। इसके बाद भारत ने दूसरे ही मिनट में बढ़त बना ली। दिलराज सिंह के शानदार पास पर मनमीत सिंह ने करीब से गोल दागकर भारत का खाता खोला।
मनमीत सिंह ने 11वें मिनट में फिर शानदार डिफ्लेक्शन के साथ अपना दूसरा गोल किया और भारत की बढ़त 2-0 कर दी। शारदा नंद तिवारी ने 13वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर बेहतरीन फ्लिक के साथ स्कोर 3-0 कर दिया।
शारदा का दूसरा गोल
भारत को 21वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन स्विस गोलकीपर टिमो ग्राफ ने शानदार बचाव किया। हालांकि, अर्शदीप सिंह ने 28वें मिनट में दमदार रिवर्स स्लैप शॉट से चौथा गोल दागकर मुकाबला लगभग भारत के पक्ष में तय कर दिया।
दूसरे हाफ में भी भारत का दबदबा कायम रहा। भारत को 54वें मिनट में मिले एक और पेनल्टी कॉर्नर पर शारदा नंद तिवारी ने अपना दूसरा गोल दागा और भारत की जीत को 5-0 के बड़े अंतर से पुख्ता कर दिया।
मैच के दौरान भारतीय गोलकीपर प्रिंसदीप सिंह ने भी कई शानदार बचाव किए। इस जीत के साथ भारत तीन मैचों में तीन जीत और नौ अंकों के साथ पूल बी में पहले स्थान पर रहा और सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंच गया।
