एशिया कप 2023 को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI)और पाकिस्तान क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (PCB) आमने – सामने हैं। इस टूर्नामेंट की मेजबानी पाकिस्तान के पास है। बीसीसीआई ने टीम इंडिया के वहां भेजने से मना कर दिया है। इस बीच पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर जावेद मियांदाद ने विवादित बयान दिया है। उनसे सवाल किया गया कि क्या भारतीय खिलाड़ियों को पाकिस्तान आना चाहिए? इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि जिंदगी और मौत तो अल्लाह के हाथ में है। अगर मौत आनी है आएगी।
जावेद मियांदाद ने नादिर अली पॉडकास्ट पर कहा, ” सुरक्षा भूल जाएं। हमारा मानना है कि अगर मौत आनी है तो आनी है। जिंदगी और मौत तो अल्लाह के हाथ में है। अगर वे आज हमें बुलाएंगे तो हम जाएंगे। लेकिन उन्हें भी आना होगा। बात पिछली बार की है जब हम गए थे, लेकिन उसके बाद से वे यहां नहीं आए। अब उनकी बारी है।”
भाड़ में जाए भारत
जावेद मियांदाद ने कुछ महीने पहले 2023 एशिया कप के लिए पाकिस्तान का दौरा नहीं करने पर रुख के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की भी कड़ी आलोचना की थी। जावेद मियांदाद ने एक इवेंट में कहा था, “अगर भारत क्रिकेट खेलने के लिए पाकिस्तान नहीं आना चाहता तो वह भाड़ में जाए। मैंने हमेशा पाकिस्तान का समर्थन किया है। मैं भारत को कभी नहीं छोड़ता। लेकिन बात यह है कि हमें अपना हित देखना चाहिए और इसके लिए लड़ना चाहिए।”
इंडिया होगा, अपने लिए होगा
जावेद मियांदाद ने आगे कहा, “हमें क्रिकेट की मेजबानी करनी है और इसके किसी बात की परवाह नहीं करनी चाहिए। यह आईसीसी का काम है। यदि आईसीसी अगर दखल नहीं दे सकता तो उसके होने का कोई मतलब नहीं है। हर टीम के लिए समान नियम होना चाहिए। अगर इस तरह से टीमें नहीं आती हैं तो उन्हें प्रतिबंधित कर दिया जाना चाहिए। इंडिया होगा, अपने लिए होगा। हमारे लिए नहीं है।”