ISL 2018-19 Semi-Final Football, FC Goa vs Mumbai City Football: मुंबई सिटी एफसी ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन के दूसरे सेमीफाइनल के दूसरे चरण में एफसी गोवा को उसी के घर में 1-0 से मात दी। हालांकि इस जीत के बावजूद मुंबई का फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया और गोवा की टीम पहले चरण की बड़ी जीत के दम पर फाइनल में जगह बना पाने में सफल रही।
गोवा ने मुंबई में खेले गए पहले चरण के मैच में 5-1 से जीत हासिल की थी। इसी कारण वह दो चरण की समाप्ति के बाद 5-2 के कुल स्कोर के साथ फाइनल में पहुंची। ये दूसरी बार है जब गोवा ने खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है। इससे पहले गोवा 2015 में फाइनल में पहुंचा था, जहां उसे चेन्नईयन के हाथों 3-2 से हार का सामना करना पड़ा था। फाइनल में अब गोवा का सामना रविवार 17 मार्च को बेंगलुरू एफसी से होगा।
बेंगलुरू ने नार्थईस्ट को हरा लगातार दूसरी बार फाइनल में प्रवेश किया है। ऐसे में दोनों ही टीमों के बीच फाइनल में कांटे के मुकाबले की उम्मीद की जा रही है। बता दें कि गोवा और बेंगलुरु आज तक आईएस का खिताब अपने नाम नहीं कर सके है। अब ये सुनिश्चित है कि इस बार आईएसएल का खिताब एक नई टीम अपने नाम करेगी।
रेफरी वेंकटेश के सीटी बजाते ही मुंबई का फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया है। वहीं, गोवा ने खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है। अब फाइनल में गोवा की भिड़ंत बेंगलुरु से 17 मार्च को होगी।
निर्धारित 90 मिनट का समय खत्म और अब 5 मिनट का अतिरिक्त समय जोड़ा गया है। ऐसे में मुंबई की हार अब लगभग तय हो चुकी है।
मैच के निर्धारित समय में अब 5 मिनट का समय शेष बचा है लेकिन इससे पहले मुंबई के पास फ्री किक से गोल करने का मौका था लेकिन एक बार फिर टारगेट पर नहीं रख पाए।
मुंबई के मौडो सूगो का शॉट और गोल पोस्ट के करीब से निकल गया। गोलकीपर के पास कोई मौका नहीं था।
75 मिनट का खेल हो चुका है और अब तक दूसरा गोल नहीं देखने को मिला है। हालांकि मुंबई हार के अंतर को कम करने की कोशिश में लगी है।
दूसरा हॉफ का खेल शुरू हो चुका है और मुंबई ने हमले तेज कर दिए हैं। वहीं, गोवा के डिफेंडर दीवार बनकर गोल पोस्ट के आगे खड़े हुए हैं।
पहले हॉफ के बाद मुंबई 1-0 से आगे चल रहा है। अब दूसरे हॉफ में उसकी नजर ज्यादा से ज्यादा गोल दागने पर होगी।
पहला हॉफ खत्म होने के करीब है निर्धारित समय में 2 मिनट का अतिरिक्त समय जोड़ा गया है। मुंबई की नजर अब भी गोल करने पर टिकी है।
दोनों ही टीमों की ओर तेज खेल देखने को मिल रहा है। मुंबई की कोशिश ज्यादा से ज्यादो गोल के प्रयास करने पर हैं। यही वजह है कि गोवा का डिफेंस काफी समय से व्यस्त है।
मुंबई के पास दूसरा गोल करने का शानदार मौका था लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया और गोवा के गोलकीपर ने शानदार बचाव करते हुए इस कोशिश को नाकाम कर दिया।
मुंबई ने छठे मिनट में ही गोल कर अपने इरादे साफ कर दिए हैं। मुंबई के लिए राफैन बास्टोस ने पहला गोल किया है।
एफसी गोवा प्लेइंग इलेवन: नवीन कुमार (गोलकीपर), मोर्टाडा फॉल, सेरिटोन फर्नांडिस, कार्लोस पेना, अहमद जौह, मंदार राव देसाई (कप्तान), ह्यूगो बोमस, ब्रैंडन फर्नांडीस, जैकीचंद सिंह, लेनी रोड्रिग्स, फेरन कोरोमिनास।
मुंबई सिटी प्लेइंग इलेवन: अमरिंदर सिंह (गोलकीपर), अनवर अली, जॉयनर लौरेंको, लुसियन गोयन, सौविक चक्रवर्ती, अर्नोल्ड इसोको, मिलन सिंह, रेन्नियर फर्नांडीस, पाउलो मैकडो (कप्तान), मोडो सूगौ, राफेल बैस्टोस।
इस मैच से पहले मुंबई के कोच जोर्ज कोस्टा ने कहा, "फुटबॉल और जिंदगी में हम कभी भी ना नहीं कह सकते, लेकिन सच्चाई यह है कि परिणाम को बदलना बेहद मुश्किल है। ईमानदारी से कहूं तो, हां हमारे पास परिणाम बदलने का एक बहुत छोटा सा मौका है। अगर आप चाहते हैं कि मैं यह कहूं कि हम यहां 6 से 7 गोल करने के लिए आए हैं तो मैं कहूंगा कि हम कोशिश जरूर करेंगे। मैंने फुटबॉल में ऐसी चीजें देखीं हैं जिन पर कोई विश्वास नहीं कर सकता, लेकिन आमतौर पर पहले चरण के बाद परिणाम बदलना बेहद मुश्किल होता है।"