टी20 क्रिकेट में टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी परेशानी का सबब बनी हुई है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले दो टी20 में इशान किशन और शुभमन गिल की जोड़ी फ्लॉप रही। वनडे सीरीज में लगातार 3 अर्धशतक जड़कर टी20 सीरीज में खेलने आए इशान किशन का प्रदर्शन चिंता का सबब है। उन्हें टी20 में अर्धशतक जड़े 13 महीने से ज्यादा का वक्त हो गया है। अर्धशतक जड़ने के बाद से पिछली 16 पारियों में वह सिर्फ दो मैच में 30 से अधिक का स्कोर कर सके हैं। इसके बाद भी टीम मैनेजमेंट उनपर भरोसा जता रहा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 में वह 6 और दूसरे में 27 रन बनाकर आउट हुए।
इशान किशन ने टी20 क्रिकेट में उन्होंने पिछला अर्धशतक 14 जून 2022 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ जड़ा था। उन्होंने ओड़िशा के कटक में 54 रन की पारी खेली थी। इसके बाद से पिछले 16 पारियों में वह 7 पारियों में दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए हैं। 4 पारियों में वह 10 से 20 रन के बीच आउट हुए हैं। 3 पारियों में 21 से 30 रन के बीच आउट हुए हैं। दो पारियो में वह 31 से 40 के बीच आउट हुए हैं।
इशान किशन का साल 2023 और 2022 में प्रदर्शन
इशान किशन की टी20 क्रिकेट में 2023 में प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 8 मैचों की 8 पारियों में 12.12 के औसत और 89.81 के स्ट्राइक रेट से 97 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 37 है। ध्यान देने वाली बात यह है कि उन्होंने 108 गेंद में 97 रन बनाए हैं। उन्होंने 9 चौके और 4 छक्के लगाए हैं। 2022 में प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 16 मैच की 16 पारियों में 29.75 के औसत से 476 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 127.95 का रहा। स्ट्राइक रेट 127.95 का रहा। उन्होंने 3 अर्धशतक जड़े।
इशान किशन का टी20 करियर
इशान किशन ने साल 2021 में 5 मैचों की 5 पारियों में 28.25 के औसत और 134.52 के स्ट्राइक रेट से 113 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 1 अर्धशतक जड़ा। इशान किशन के टी20 करियर की बात करें तो उन्होंने साल 2021 में डेब्यू किया था। इसके बाद से उन्होंने 29 मैचों की 29 पारियों में 24.50 के औसत और 121.63 के स्ट्राइक रेट से 686 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 4 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 89 है। उन्होंने अपने करियर में 74 चौके और 27 छक्के जड़े हैं।
