Sarfaraz Khan Highest First-Class Career Batting Average (Min 2000 Runs): सरफराज खान का एक और शतक के साथ रेड बॉल क्रिकेट में शानदार फॉर्म जारी है। सरफराज खान ने 2 अक्टूबर 2022 को एक और मील का पत्थर छुआ। सरफराज खान (Sarfaraz Khan) ईरानी कप 2022 में सौराष्ट्र के खिलाफ 178 गेंद में 138 रन बनाने में सफल रहे। इसके साथ ही वह डॉन ब्रैडमैन को पीछे छोड़ने में भी सफल हो गए।

डॉन ब्रैडमैन ने प्रथम श्रेणी में 22 मैच की 43 पारियों में 8 बार नाबाद रहते हुए 83.63 के औसत से 2927 रन बनाए थे। इसमें उनके 12 शतक और 9 अर्धशतक शामिल थे। सरफराज ने 29 प्रथम श्रेणी मैच की 43 पारियों में 7 बार नाबाद रहते हुए 81.33 के औसत से 2928 रन बना लिए हैं। इसमें उनके 10 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं।

यही नहीं, सरफराज खान विजय मर्चेंट से भी आगे निकलने में सफल रहे। विजयसिंह माधवसिंह मर्चेंट (Vijaysingh Madhavji Merchant) ने 1929/30 से 1950/51 के दौरान 150 फर्स्ट क्लास मैच खेले थे। इसकी 234 पारियों में उन्होंने 71.64 के औसत से 13470 रन बनाए थे। इसमें उनके 45 शतक और 52 अर्धशतक शामिल थे। विजय मर्चेंट के नाम रणजी ट्रॉफी में सबसे ज्यादा से औसत से रन बनाने का रिकॉर्ड है।

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डॉन ब्रैडमैन (95.14) के बाद सबसे अच्छा औसत विजय मर्चेंट (71.64) का ही था। हालांकि, अब सरफराज खान फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे ज्यादा के औसत से रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर (कम से कम 2000 रन बनाने वाले बल्लेबाज ही शामिल) पर पहुंच गए हैं।

ईरानी ट्रॉफी सौराष्ट्र और शेष भारत के बीच मैच की बात करें तो पहले दिन का खेल खत्म होने के समय सरफराज खान ने 126 गेंद में नाबाद 125 रन बनाए थे। उनकी पारी की मदद से शेष भारत पहली पारी में 3 विकेट पर 205 रन बनाने में सफल रही थी।

इससे पहले मुकेश कुमार की स्विंग (4/23) और युवा कुलदीप सेन (3/41) और उमरान मलिक (3/25) की शानदार गेंदबाजी के चलते सौराष्ट्र की पहली पारी 24.5 ओवर में 98 रन सिमट गई थी। सौराष्ट्र के 4 बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू पाए थे। चेतेश्वर पुजारा एक रन के स्कोर पर पवेलियन लौटे थे।

समाचार लिखे जाने तक दूसरे दिन के दो सत्र (चायकाल) का खेल हो चुका था। चायकाल के समय शेष भारत का स्कोर 105 ओवर में 8 विकेट पर 355 रन था। उमरान मलिक 3 और मुकेश कुमार 6 रन बनाकर नाबाद थे।