विदर्भ और शेष भारत के बीच नागपुर में खेला जा रहा ईरानी कप 2025-26 रोमांचक मोड़ पर खड़ा है। अक्षय वाडेकर की अगुआई वाली विदर्भ ने शेष भारत को 361 रन का लक्ष्य दिया है। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक शेष भारत ने 2 विकेट पर 30 रन बना लिए। उसे आखिरी दिन जीत के लिए 331 रन चाहिए। इशान किशन 5 और रजत पाटीदार 2 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
361 रन का लक्ष्य का पीछा करने उतरी शेष भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। आर्यन जुयाल 6 रन बनाकर चौथे ओवर में ही आउट हो गए। आदित्य ठाकरे ने उनका विकेट लिया। इसके बाद पहली पारी में अर्धशतक लगाने वाले अभिमन्यु ईश्वरन भी आउट हो गए। उन्होंने 18 गेंद पर 3 चौकों की मदद से 17 रन बनाए। हर्ष दुबे ने उनका विकेट चटकाया। ऐसे में अब इशान किशन और रजत पाटीदार पर निगाहें हैं। इसके अलावा यश ढुल और ऋतुराज गायकवाड़ जैसे बल्लेबाज भी हैं।
विदर्भ ड्रॉ कराकर भी जीत जाएगा खिताब
शेष भारत को ईरानी कप का खिताब जीतने के लिए शेष भारत को 331 रन बनाने होंगे, जबकि विदर्भ के लिए 8 विकेट लेना जरूरी नहीं है। अगर मैच ड्रॉ भी रहता है तो रणजी ट्रॉफी चैंपियन पहली पारी में बढ़त के आधार पर खिताब अपने नाम कर लेंगे। विदर्भ ने पहली पारी में 342 रन बनाए थे। इसके जवाब में शेष भारत 214 रन ही बना पाई थी। विदर्भ ने 128 रन की बढ़त हासिल की।
विदर्भ ने दूसरी पारी में 232 रन बनाए
विदर्भ ने दूसरी पारी में 232 रन बनाए। ओपनर मोखड़े ने सबसे ज्यादा 37 रन बनाए। इसके अलावा अक्षय वाडेकर ने 36 और दर्शन नलकंडे ने 35 रन बनाए। हर्ष दुबे ने 29 रन का योगदान दिया। शेष भारत के लिए अंशुल कम्बोज ने 4 विकेट लिए। आकाशदीप खाली हाथ रह गए। सारांश जैन, मानव सुतार और गुरनूर बरार ने 2-2 विकेट लिए।