Irani Cup 2024: ईरानी कप 2024 के मुकाबले में मुंबई का सामना रेस्ट ऑफ इंडिया के साथ हो रहा है और इस मैच में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक रेस्ट ऑफ इंडिया ने 4 विकेट पर 289 रन बना लिए हैं। हालांकि ये टीम अब भी मुंबई से पहली पारी में 248 रन पीछे है। रेस्ट ऑफ इंडिया की तरफ से अभी क्रीज पर अभिमन्यू ईश्वरन शतक लगाकर खेल रहे हैं और उनका साथ धुव जुरैल दे रहे हैं जिन्होंने 30 रन बना लिए हैं।
अभिमन्यू ईश्वरन ने लगाया शतक
मुंबई के खिलाफ पहली पारी में रेस्ट ऑफ इंडिया के बल्लेबाज अभिमन्यू ईश्वरन ने शानदार शतकीय पारी खेली और दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक उन्होंने 212 गेंदों पर 151 रन बना लिए थे और क्रीज पर मौजूद थे। अभिमन्यू ईश्वरन ने अपनी पारी के दौरान एक छक्का और 12 चौके भी लगाए। वहीं पहली पारी में टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ मुंबई के खिलाफ फेल रहे और उन्होंने 9 रन की पारी खेली। साई सुदर्शन ने पहली पारी में 32 रन जबकि देवदत्त पडीक्कल ने 16 रन तो वहीं इशान किशन 38 रन बनाकर आउट हो गए। अभिमन्यू ईश्वरन का ये 26वां फर्स्ट क्लास शतक रहा और उन्होंने इस मैच में अपना शतक 117 गेंदों पर पूरा किया।
सरफराज ने खेली नाबाद 222 रन की पारी
इस मैच की पहली पारी में मुंबई ने रेस्ट ऑफ इंडिया के खिलाफ 537 रन बनाए और सरफराज खान ने अपनी टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाए। सरफराज खान ने पहली पारी में 222 रन बनाए और नाबाद रहे। उन्होंने इस पारी के दौरान 286 गेंदों का सामना किया और इस दौरान 4 छक्के और 25 चौके जड़े। पहली पारी में मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 97 रन जबकि श्रेयस अय्यर ने 57 रन की शानदार पारी खेली। वहीं निचले क्रम पर खेलते हुए तनुष कोटियान ने 64 रन बनाए जबकि शार्दुल ठाकुर ने 36 रन का योगदान दिया। रेस्ट ऑफ इंडिया की तरफ से पहली पारी में मुकेश कुमार ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए।