अनिल कुंबले का पंजाब किंग्स में मुख्य कोच के रूप में कार्यकाल समाप्त हो गया है, क्योंकि फ्रेंचाइजी ने उनके अनुबंध को नवीनीकृत नहीं करने का फैसला किया है। ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, कुंबले को मुख्य कोच के पद से हटाने का फैसला बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रीति जिंटा, उद्योगपति मोहित बर्मन, नेस वाडिया और करण पॉल और पंजाब किंग्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश मेनन समेत कई मालिकों के एक बोर्ड ने लिया।
पता चला है कि पंजाब किंग्स एक नए कोच की तलाश में हैं। इसकी घोषणा जल्द की जा सकती है। फ्रेंचाइजी ने कप्तान के रूप में मयंक अग्रवाल के भविष्य पर अटकलें लगाने वाली रिपोर्ट का खंडन किया है। इसका मतलब है कि वह मयंक अग्रवाल को आईपीएल 2023 के रूप में कप्तान बनाए रखना चाहती है।
अनिल कुंबले 2020 में पंजाब किंग्स में शामिल हुए थे। अनिल कुंबले जब 2020 में फ्रैंचाइजी के हेड कोच बनाए गए थे, तब वह संजय बांगड़ (2014-16), वीरेंद्र सहवाग (2017), ब्रैड हॉज (2018) और माइक हेसन (2019) के बाद मतलब 5 सीजन में पंजाब किंग्स की ओर से नियुक्त पांचवें कोच थे।
अनिल कुंबले आईपीएल 2020, 2021 और 2022 के सीजन में टीम के प्रभारी रहे। तीनों सीजन पंजाब किंग्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की अंक तालिका में छठे नंबर (दूसरे हाफ) पर रही। आईपीएल 2022 में 10 टीमों ने हिस्सा लिया, वह तब भी छठे नंबर पर रही, मतलब पिछले सीजन उसके प्रदर्शन में थोड़ा सुधार हुआ था।
साल 2020 में, अनिल कुंबले आईपीएल में एकमात्र भारतीय मुख्य कोच थे। पंजाब किंग्स तीसरी आईपीएल टीम थी, जिसके साथ उन्होंने अपने खेल के दिनों के बाद काम किया था। इससे पहले वह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और मुंबई इंडियंस के लिए सलाहकार के रूप में काम कर चुके थे। इससे पहले उन्होंने 2016 में एक साल के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच का पद संभाला था।
आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन से पहले पंजाब किंग्स ने मयंक अग्रवाल और अर्शदीप सिंह को रिटेन किया था। अर्शदीप के कौशल और निरंतरता ने टूर्नामेंट के दौरान जहां सुर्खियां बटोरीं और उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह दिलाई। वहीं मयंक अग्रवाल ने बुरी तरह संघर्ष किया। पिछले सीजन पंजाब किंग्स के कप्तान के रूप में नियुक्त होने के बाद उन्होंने 16.33 के औसत और 122.5 की स्ट्राइक रेट से केवल 196 रन बनाए।
यह प्रदर्शन उनके पिछले तीन आईपीएल में खेले गए प्रदर्शन के बिल्कुल विपरीत था। मयंक अग्रवाल ने 2019 में 141.88 के स्ट्राइक रेट से 332 रन बनाए थे। उन्होंने 2020 में 156.45 पर 424 और 2021 में 140.44 पर 441 रन बनाए थे। रवि शास्त्री और डेनियल विटोरी का मानना था कि 2023 सत्र से पहले मयंक अग्रवाल को कप्तान बनाए रखना पंजाब किंग्स के लिए समीक्षा सूची में शीर्ष पर होगा।
रवि शास्त्री ने महसूस किया कि अतिरिक्त जिम्मेदारी का एक बल्लेबाज के रूप में मयंक अग्रवाल के आउटपुट पर प्रतिकूल असर पड़ा। इसके परिणामस्वरूप उन्हें आईपीएल के तुरंत बाद जून में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए भारतीय टीम में नहीं चुना गया।
हालांकि, पंजाब किंग्स ने उन मीडिया रिपोर्टों का खंडन किया है जिनमें फ्रेंचाइजी के अनाम अधिकारियों के हवाले से मयंक अग्रवाल को भविष्य में कप्तान के रूप में नहीं देखने की अटकलें लगाई जा रही हैं। पता चला है कि इस मामले पर अंतिम फैसला नए मुख्य कोच करेंगे।