इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के हर सीजन बहुत सारे नए रिकॉर्ड्स बनते और कई पुराने रिकॉर्ड्स टूटते हैं। लोग कहते हैं कि रिकॉर्ड टूटने के लिए ही बनते हैं, लेकिन कुछ रिकॉर्ड न ही टूटे तो बेहतर होते हैं। आईपीएल के भी कुछ ऐसे ही रिकॉर्ड्स हैं। इसमें विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी, क्रिस गेल और एडम गिलक्रिस्ट के रिकॉर्ड भी शामिल हैं। यहां हम आईपीएल के ऐसे ही कुछ रिकॉर्ड्स की बात करेंगे, जो अब तक अटूट हैं और जिनके भविष्य में भी टूटने की संभावना नहीं है। शुरुआत भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली से करते हैं।
विराट कोहली यकीनन दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं। उनके नाम बहुत सारे रिकॉर्ड हैं। उनमें से कुछ अटूट साबित हो सकते हैं, जबकि अन्य भविष्य में तोड़े जा सकते हैं। विराट का आईपीएल के एक सीजन में 4 शतकों का रिकॉर्ड अटूट श्रेणी में आएगा। अगर कोई इसे तोड़ता है, तो यह काफी अभूतपूर्व होगा। एक सीजन में एक शतक बनाना ही मुश्किल काम है।
कोहली ने 2016 में 16 मैच में 81.08 के औसत और 152.03 के स्ट्राइक रेट से 973 रन बनाए। उस सीजन उन्होंने 4 शतक के अलावा 7 पचासे भी लगाए थे। यह आईपीएल के किसी भी एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। इसका भी टूटना असंभव लगता है।
एमएस धोनी ने 24 मार्च 2022 को आईपीएल की कप्तानी छोड़ दी। हालांकि, उन्होंने यह पद छोड़ने से पहले आईपीएल में कप्तानी का रिकॉर्ड भी बनाया। वह आईपीएल के 9 फाइनल में कप्तानी करने वाले इकलौते कप्तान हैं।
बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) की अगुआई में चेन्नई सुपर किंग्स ने साल 2008, 2010, 2011, 2012, 2013, 2015, 2018, 2019 और 2021 में आईपीएल फाइनल खेला। इसमें से साल 2010, 2011, 2018 और 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स चैंपियन बनी।
आईपीएल 2021 में हर्षल पटेल ने पर्पल कैप अपने नाम की थी। हर्षल पटेल को आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन में रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर ने 10.75 करोड़ रुपए में खरीदा है। हर्षल आईपीएल 2021 में भी आरसीबी का हिस्सा थे। उस सीजन उन्होंने 15 मैच में 14.34 के औसत और 8.15 की इकॉनमी से सबसे ज्यादा 32 विकेट लिए थे।
हर्षल पटेल आईपीएल के पहले गेंदबाज हैं, जिन्होंने टूर्नामेंट की शुरुआत से लेकर अंत तक पर्पल कैप अपने पास ही रखी। हर्षल पटेल का यह रिकॉर्ड भी टूटना असंभव प्रतीत होता है। हर्षल ने आईपीएल में अब तक 63 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 23.17 के औसत और 8.58 की इकॉनमी से 78 विकेट लिए हैं।
आईपीएल के यदि हम सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज की बात करें तो इस फेहरिस्त में सबसे पहला नाम एक विकेटकीपर का आएगा। चौंकिए नहीं, आंकड़े गवाह हैं कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट आईपीएल के इकलौते गेंदबाज हैं, जिन्होंने बिना एक भी रन दिए विकेट झटका है।
सच कहें तो एडम गिलक्रिस्ट के इन आंकड़ों में सुधार नहीं किया जा सकता। गिलक्रिस्ट का आईपीएल में गेंदबाजी औसत और इकॉनमी दोनों 0.00 है। उनका डॉट बॉल प्रतिशत 100, जबकि उनका स्ट्राइक-रेट 1.00 है। यदि आप सोच रहे हैं कि यह कैसे संभव है, तो यह काफी सरल है।
एडम गिलक्रिस्ट ने अपने आईपीएल करियर में सिर्फ एक गेंद फेंकी है। उसमें उन्होंने एक विकेट लिया था। यह घटना आईपीएल 2013 में मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच मैच की है। तब गिलक्रिस्ट किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के कप्तान थे।
मुंबई इंडियंस को जीत के लिए आखिरी ओवर में 51 रन चाहिए थे और उसका एक विकेट गिरना शेष था। तब गिलक्रिस्ट ने गेंदबाजी करने का फैसला किया। हरभजन सिंह स्ट्राइक पर थे। उन्होंने शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे गुरकीरत सिंह मान के हाथ में गई। गिली ने तब गैंगनम स्टाइल में डांस भी किया था।