IPL Mega Auction 2022: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मेगा ऑक्शन का पहला दिन खत्म हो गया है। अब रविवार को दिन में 12 बजे से ऑक्शन शुरू होगा। पहले दिन 74 खिलाड़ी बिके हैं और 23 खिलाड़ी अनसोल्ड रहे हैं। वहीं काव्या मारन की सनराइजर्स हैदराबाद ने सबसे ज्यादा 10 खिलाड़ी आज खरीदे हैं। रविवार को दूसरे दिन दोपहर 12 बजे से आईपीएल ऑक्शन शुरू होगा।

दिन के पहले चरण में ऑक्शनियर ह्यूज एडमीड्स बीच मंच पर ही नीलामी के दौरान गिर गए थे जिसके बाद ऑक्शन रुक गया था। हालांकि, अब उनका स्वास्थ्य बेहतर है लेकिन उन्हें आराम दिया गया था और ऑक्शन को चारू शर्मा ने आगे बढ़ाया।

अभी तक की बोली में इशान किशन सबसे महंगे 15.25 करोड़ में केकेआर के साथ जुड़े हैं। नीलामी में सबसे पहले आज शिखर धवन की बोली लगी। उन्हें 8.25 करोड़ रुपए में पंजाब किंग्स ने खरीदा। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए था। दूसरे नंबर पर रविचंद्रन अश्विन की बोली लगी। उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने 5 करोड़ में खरीदा।

Koo App
There was a time when every cricketer hoped to get a county deal and go to the UK in April to ply his trade. Now every cricketer hopes to come to India in April to play in the IPL. And every auction is a reminder of that, of how the tables have turned ? #Proud #IPLAuction2022

– Wasim Jaffer (@WasimJaffer14) 12 Feb 2022

भारतीय खिलाड़ियों का आज की नीलामी में जलवा देखने को मिला है। इशान किशन के अलावा श्रेयस अय्यर को भी केकेआर ने आज 12.25 करोड़ रुपए में ही खरीदा है। ज्यादातर भारतीय गेंदबाजों को आज के दिन अच्छी रकम मिली है। पांच भारतीय पेसर्स 10 करोड़ या उससे अधिक की कीमत पर बिके हैं।

Live Updates

IPL 2022 Mega Auction Day 1: बेंगलुरु में हुए आईपीएल मेगा ऑक्शन के पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों का दिखा जलवा, इशान किशन रहे सबसे महंगे खिलाड़ी।

16:52 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: ऋद्धिमान साहा और सैम बिलिंग्स रहे अनसोल्ड

भारत के अनुभवी विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा को कोई भी खरीदार नहीं मिला है। हाल ही में रणजी ट्रॉफी से भी उन्होंने नाम वापस लिया था। खबरें यह भी थीं कि वह अब भारतीय टीम की भविष्य की योजना में शामिल नहीं हैं। साथ ही सैम बिलिंग्स को भी किसी टीम ने नहीं खरीदा है।

16:49 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: दिनेश कार्तिक को RCB ने खरीदा

केकेआर के पूर्व कप्तान दिनेश कार्तिक को आरसीबी ने अपने साथ जोड़ लिया है। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज को विराट कोहली की टीम ने 5.50 करोड़ रुपए खर्च करके अपने दल में शामिल किया है।

16:41 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: जॉनी बेयरस्टो को पंजाब किंग्स ने खरीदा

इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो को पंजाब किंग्स ने 6.75 करोड़ रुपए खर्च करके अपने साथ जोड़ लिया है। इससे पहले बेयरस्टो सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा थे।

16:33 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: इशान किशन अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ी

इशान किशन को मुंबई इंडियंस ने 15.25 करोड़ रुपए खर्च करके अपने साथ जोड़ लिया है। वह आज की नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। वह युवराज सिंह के बाद आईपीएल इतिहास के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी भी हैं।

16:22 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: अंबाती रायडू को CSK ने वापस जोड़ा अपने साथ

स्टार बल्लेबाज अंबाती रायडू को चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने साथ जोड़ लिया है। दो करोड़ के बेस प्राइज वाले रायडू को 6.75 करोड़ की कीमत चुकाकर सीएसके ने वापस अपनी टीम में शामिल कर लिया है।

16:17 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: मैथ्यू वेड रहे अनसोल्ड

ऑस्ट्रेलिया को टी20 विश्व कप 2021 में चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले मैथ्यू वेड को पहली बोली में कोई भी खरीदार नहीं मिला है।

16:14 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी रहे अनसोल्ड

अफगानिस्तान के कप्तान मोहम्मद नबी को कोई भी खरीदार पहली बोली में नहीं मिला है। इससे पहले नबी सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा रहे चुके हैं।

16:11 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: मिशेल मार्श पर दिल्ली कैपिटल्स ने लगाई सबसे बड़ी बोली

ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिशेल मार्श के ऊपर दिल्ली कैपिटल्स ने 6.50 करोड़ की बोली लगाकर उन्हें अपने साथ जोड़ लिया है। मार्श ने ऑस्ट्रेलिया को टी20 वर्ल्ड कप 2021 का चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।

16:06 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction Live: क्रुणाल पंड्या को लखनऊ ने खरीदा

भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के भाई और स्पिन के साथ-साथ बल्लेबाजी में अपना जलवा बिखेरने वाले क्रुणाल पंड्या को लखनऊ सुपर जाइंट्स ने 8.25 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ लिया है। उनके भाई हार्दिक गुजरात टाइटंस के कप्तान हैं।

15:57 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction Live: वाशिंगटन सुंदर को SRH ने खरीदा

भारतीय ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर को सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने साथ जोड़ लिया है। सुंदर को इस टीम ने 8.75 करोड़ रुपए की कीमत देकर अपने साथ शामिल किया है। यह काव्या मारन की टीम के लिए पहली खरीद है।

15:49 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: वानिंदु हसरंगा को RCB ने खरीदा

श्रीलंका के स्टार स्पिनर और वर्तमान में नंबर एक टी20 गेंदबाज वानिंदु हसरंगा को आरसीबी ने 10.75 करोड़ रुपए में खरीद लिया है। वह हर्षल पटेल के साथ अभी तक संयुक्त रूप से सबसे महंगे गेंदबाज हैं।

15:28 (IST) 12 Feb 2022
ह्यूज एडमीड्स की जगह चारू शर्मा करवाएंगे ऑक्शन

आईपीएल मेगा ऑक्शन के पहले दिन दूसरे चरण में अचानकर मंच पर गिरने के बाद ह्यूज एडमीड्स की तबीयत बिगड़ गई थी। उनकी हालत बेहतर है लेकिन वह आज ऑक्शन जारी नहीं रख पाएंगे। उनकी जगह चारू शर्मा ऑक्शन को आगे बढ़ाएंगे।

14:53 (IST) 12 Feb 2022
पूरी खबर: ह्यूज एडमीड्स के गिरने से रुकी नीलामी, जानिए क्या है ताजा अपडेट

IPL Auction 2022: बीच में ही रोकनी पड़ी आईपीएल नीलामी, बोली लगवाने वाले ह्यूज एडमीड्स मंच पर ही गिरे
14:49 (IST) 12 Feb 2022
दोबारा शुरू होगी नीलामी, ह्यूज एडमीड्स की तबीयत बेहतर

वानिंदू हसरंगा की नीलामी के दौरान अचानक मंच पर गिरे ऑक्शनर ह्यूज एडमीड्स की हेल्थ अपडेट सामने आ गई है और वह अभी सुरक्षित हैं। उनकी तबीयत थोड़ी खराब हो गई थी जिसके बाद वह मंच पर ही बेहोश होकर गिर पड़े थे। फिलहाल अभी उनकी हालत बेहतर है और रिपोर्ट यह भी है कि लंच के बाद वह दोबारा बिड करवाएंगे। ताजा अपडेट के मुताबिक 3.30 बजे से ऑक्शन दोबारा शुरू होगा। हादसे के बाद तुरंत लंच ले लिया गया था।

14:16 (IST) 12 Feb 2022
ऑक्शन के दौरान बीच मंच पर गिरे ह्यूज एडमीड्स

आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन के दौरान बिड लगाते-लगाते बीच मंच पर मूर्छित होकर गिर पड़े ऑक्शनियर ह्यूज एडमीड्स। इस हादसे के बाद आईपीएल की नीलामी बीच में ही रुक गई। उन्हें क्या हुआ अभी इसको लेकर उनकी हेल्थ अपडेट का इंतजार।

14:01 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: दीपक हुड्डा को लखनऊ ने खरीदा

हाल ही में भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले दीपक हुड्डा को लखनऊ सुपर जाइंट्स ने अपने साथ जोड़ लिया है। हुड्डा को 5.75 करोड़ की कीमत पर लखनऊ ने खरीदा है।

13:57 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction Live: हर्षल पटेल को RCB ने 10.75 करोड़ में खरीदा

आईपीएल 2021 के पर्पल कैप होल्डर हर्षल पटेल को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 10.75 करोड़ रुपए में अपने साथ वापस जोड़ लिया है। सनराइजर्स हैदराबाद ने जीतोड़ कोशिश की उन्हें खरीदने की लेकिन आखिरी में आरसीबी ने बाजी मार ली।

13:52 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction Live: शाकिब अल हसन पहली बोली में अनसोल्ड

बांग्लादेश के स्टार ऑलराउंडर और केकेआर के साथ खेल चुके शाकिब अल हसन को पहली बोली में कोई भी खरीददार नहीं मिले हैं। देखना होगा कि आखिरी बोली में वह बिकते हैं या नहीं।

13:50 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: जेसन होल्डर को लखनऊ ने खरीदा

वेस्टइंडीज के स्टार ऑलराउंडर जेसन होल्डर को लखनऊ सुपर जाइंट्स ने 8 करोड़ 75 लाख रुपए की बड़ी कीमत देकर अपने साथ जोड़ लिया है। होल्डर वर्तमान में दुनिया के नंबर एक ऑलराउंडर हैं।

13:48 (IST) 12 Feb 2022
यहां पढ़ें पूरी खबर- अय्यर पर केकेआर ने लगाई सबसे बड़ी बोली

IPL Auction 2022: मार्की प्लेयर्स में सबसे महंगे बिके श्रेयस अय्यर, शाहरुख खान की टीम ने 12.25 करोड़ रुपए में खरीदा
13:46 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: नितीश राणा को KKR ने वापस खरीदा

नितीश राणा को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 8 करोड़ रुपए में अपने साथ वापस जोड़ लिया है। राणा इससे पहले भी शाहरुख खान की टीम का हिस्सा थे।

13:42 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: सीएसके के साथ वापस जुड़े ड्वेन ब्रावो

वेस्टइंडीज के स्टार बल्लेबाज ड्वेन ब्रावो को चेन्नई सुपर किंग्स ने 4.40 करोड़ रुपए में वापस अपने साथ जोड़ लिया है। ब्रावो के पास 520 टी20 मैच खेलने का अनुभव है। वह एक अहम ऑलराउंडर की भूमिका निभाते हैं।

13:37 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022 Live: रैना और स्मिथ रहे अनसोल्ड

सुरेश रैना और ऑस्ट्रेलियाई स्टार खिलाड़ी स्टीव स्मिथ को अभी तक पहली बोली में कोई भी खरीददार नहीं मिले हैं। उम्मीद है कि आखिरी तक दोनों को कोई टीम अपने साथ जोड़ ले। फिलहाल पहली बोली में इन दोनों पूर्व कप्तान को किसी ने अपने साथ नहीं जोड़ा है।

13:35 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction Live: देवदत्त पडिक्कल को भी राजस्थान ने खरीदा

राजस्थान रॉयल्स ने 7.75 करोड़ की कीमत पर आरसीबी के पूर्व ओपनर देवदत्त पडिक्कल को अपने साथ जोड़ लिया है। संभवत: पडिक्कल यशस्वी जायसवाल या जोस बटलर के साथ ओपनिंग करते नजर आएंगे।

13:30 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction Live: डेविड मिलर को नहीं मिला खरीददार

आज के दिन के पहले अनसोल्ड खिलाड़ी डेविड मिलर बन गए हैं। पहली बोली में उन्हें कोई भी खरीददार नहीं मिला है। मिलर का नाम आखिरी में एक बार फिर बोली में आ सकता है।

13:29 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction 2022: गुजरात टाइटंस ने जेस रॉय को खरीदा

गुजरात टाइटंस ने दो करोड़ के बेस प्राइज पर ही इंग्लैंड के ओपनर जेसन रॉय को अपने साथ जोड़ लिया है। गुजरात के अलावा किसी ने भी अंग्रेज ओपनर पर बोली नहीं लगाई।

13:28 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction Live: रॉबिन उथप्पा को CSK ने वापस खरीदा

रॉबिन उथप्पा को चेन्नई सुपर किंग्स ने एक बार फिर अपने साथ दो करोड़ रुपए में वापस जोड़ लिया है। उथप्पा ने पिछले साल चेन्नई को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।

13:26 (IST) 12 Feb 2022
IPL Auction Live: शिमरोन हेटमायर को 8.50 करोड़ में रॉयल्स ने खरीदा

वेस्टइंडीज के आतिशी बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर को राजस्थान रॉयल्स ने 8.50 करोड़ रुपए की बड़ी कीमत पर अपने साथ जोड़ लिया है। हेटमायर इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे जिन्हें रिलीज किया गया था।

13:20 (IST) 12 Feb 2022
लखनऊ के साथ खेलेंगे मनीष पांडे

मनीष पांडे को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 4.60 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा है। इससे पहले मनीष सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा थे जिन्हें काविया मारन की टीम ने रिलीज किया था।

12:54 (IST) 12 Feb 2022
दिल्ली कैपिटल्स ने डेविड वार्नर को जोड़ा अपने साथ

दिल्ली कैपिटल्स ने 6.25 करोड़ रुपए की कीमत पर ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वार्नर को अपने साथ जोड़ लिया है।

आईपीएल मेगा ऑक्शन 2022 में दोनों दिन मिलाकर दस टीमों (मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, दिल्ली कैपिटल्स, राजस्थान रॉयल्स, गुजरात टाइटंस, लखनऊ सुपर जॉयंट्स, सनराइजर्स हैदराबाद, पंजाब किंग्स, चेन्नई सुपरकिंग्स और कोलकाता नाइटराइडर्स) के बीच 600 क्रिकेटर्स की बोली लगेगी। मेगा ऑक्शन से पहले पुरानी 8 टीमों ने 27 खिलाड़ी रिटेन किए। वहीं, दो नई टीमों ने तीन-तीन खिलाड़ी चुने। आईपीएल मेगा ऑक्शन 2022 के लिए 1214 खिलाड़ियों ने अपना पंजीकरण कराया था। इसमें 896 भारतीय और 318 विदेशी खिलाड़ी थे। हालांकि, अंतिम सूची में 590 खिलाड़ी ही शामिल किए गए। इसके बाद बीसीसीआई ने नीलामी से एक दिन पहले 10 और खिलाड़ियों को सूची में शामिल किया। पहले दिन 74 खिलाड़ी बिके और 23 खिलाड़ी अनसोल्ड रहे।