इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के मेगा ऑक्शन में अब करीब 20 दिन का समय शेष रह गया है। उससे पहले टीमों के संतुलन, कप्तान, मैनेजमेंट समेत कई जानकारियां सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में एक रोचक जानकारी सामने आई है कि किस टीम की पर्स में खिलाड़ियों की नीलामी के लिए कितना पैसा बाकी है। इस मामले में प्रीति जिंटा सबसे मजबूत नजर आ रही हैं।

प्रीति जिंटा की फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स के पर्स में अभी 72 करोड़ रुपए मौजूद हैं। वहीं इस टीम ने मयंक अग्रवाल और अर्शदीप सिंह को रिटेन किया है। ऐसे में इस टीम को कम से कम 16 और ज्यादा से ज्यादा 23 खिलाड़ी खरीदने होंगे। आपको बता दें कि आईपीएल फ्रेंचाइजीज को ज्यादा से ज्यादा 25 और कम से कम 18 खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करना होता है।

अगर पर्स की मौजूदा राशि की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स इस मामले में सबसे पीछे है। इस टीम के पास अब कम से कम 14 खिलाड़ियों को खरीदने के लिए सिर्फ 47.5 करोड़ रुपए ही शेष हैं। दिल्ली ने अपने पूर्व कप्तान श्रेयस, शिखर धवन, कगिसो रबाडा और रविचंद्रन अश्विन जैसे कई बड़े खिलाड़ियों को रिलीज किया है। वहीं पृथ्वी शॉ, ऋषभ पंत, अक्षर पटेल और एनरिक नॉर्किया को रिटेन किया गया है।

किस टीम के पास मौजूद कितनी राशि?

  • पंजाब किंग्स – 72 करोड़
  • सनराइजर्स हैदराबाद- 68 करोड़
  • राजस्थान रॉयल्स- 62 करोड़
  • लखनऊ- 60 करोड़
  • रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर- 57 करोड़
  • अहमदाबाद- 53 करोड़
  • चेन्नई सुपर किंग्स- 48 करोड़
  • मुंबई इंडियंस- 48 करोड़
  • कोलकाता नाइट राइडर्स- 48 करोड़
  • दिल्ली कैपिटल्स- 47.5 करोड़

गौरतलब है कि इससे पहले सभी टीमों ने अपने-अपने रिटेन खिलाड़ियों की घोषणा की थी। सभी टीमों ने कम से कम 2 और ज्यादा से ज्यादा 4 खिलाड़ियों को रिटेन करके अपनी सूची बोर्ड को सौंपी थी। आइए एक-एक करके नजर डालते हैं सभी टीमों के मौजूदा खिलाड़ियों के ऊपर।

  • सीएसके- रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी, मोईन अली, ऋतुराज गायकवाड़
  • मुंबई इंडियंस– रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, कीरोन पोलार्ड, सूर्यकुमार यादव
  • आरसीबी– विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल, मोहम्मद सिराज</li>
  • केकेआर– आंद्रे रसेल, वरुण चक्रवर्ती, सुनील नरेन, वेंकटेश अय्यर
  • पंजाब किंग्स– मयंक अग्रवाल, अर्शदीप सिंह
  • राजस्थान रॉयल्स– संजू सैमसन, जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल
  • सनराइजर्स हैदराबाद– केन विलियमसन, अब्दुल समद, उमरान मलिक
  • दिल्ली कैपिटल्स– पृथ्वी शॉ, ऋषभ पंत, अक्षर पटेल, एनरिक नॉर्किया
  • लखनऊ– केएल राहुल, मार्कस स्टॉयनिस, रवि बिश्नोई
  • अहमदाबाद– हार्दिक पंड्या, राशिद खान, शुभमन गिल

आईपीएल 2022 के लिए खिलाड़ियों के मेगा ऑक्शन का हर किसी को बेसब्री से इंतजार है। इस बार ऑक्शन टेबल पर कई बड़े खिलाड़ियों के नाम होंगे। ये बोली लगेंगी 12 और 13 फरवरी 2022 को बेंगलुरू में। अब देखना होगा कि कौन सा खिलाड़ी किस फ्रेंचाइजी को लुभा पाता है।