IPL 2025: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 की मेगा नीलामी जैसे-जैसे नजदीक आ रही है इसे लेकर चर्चा जोरों पर है। कई क्रिकेट एक्सपर्ट इस नीलामी को लेकर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं और इसमें अब टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह भी शामिल हो गए हैं। दरअसर मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान और भारतीय वनडे व टेस्ट टीम के कप्तान रोहित शर्मा के आईपीएल भविष्य को लेकर कई तरह की बातें की जा रही है, लेकिन अब इस पर हरभजन सिंह ने अपनी राय दी है।
आईपीएल 2025 के लिए होने वाली मेगा नीलामी से पहले ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस टीम से हटाया जा सकता है, खास तौर पर तब जब आईपीएल 2024 में इस टीम का कप्तान हार्दिक पांड्या को बना दिया गया था। रोहित शर्मा साल 2011 से मुंबई के साथ जुड़े हुए हैं, लेकिन अगले सीजन में वो इस टीम के साथ बने रहेंगे या नहीं इसे लेकर फिलहाल तो कुछ साफ नहीं है।
दिल्ली टीम में शामिल हो सकते हैं रोहित शर्मा
लीजेंड्स लीग क्रिकेट 2024 की नीलामी के दौरान टाइम्स नाउ से बातचीत में हरभजन सिंह ने उन फ्रेंचाइजी के नाम बताए, जहां आईपीएल नीलामी के बाद रोहित शर्मा खेल सकते हैं। हरभजन ने कहा कि यह देखना दिलचस्प होगा कि रोहित दिल्ली कैपिटल्स में शामिल होते हैं या मुंबई इंडियंस के साथ बने रहते हैं। भज्जी ने कहा कि इस बार आईपीएल नीलामी काफी चर्चा में रहने वाली है। इस नीलामी में कुछ बड़े नाम होंगे और वो किस टीम में जाते हैं ये देखना दिलचस्प हो सकता है। क्या रोहित शर्मा दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ेंगे या फिर मुंबई उन्हें रिटेन करेगी इस पर सभी की नजरें रहेंगी।
रोहित शर्मा साल 2011 में मुंबई की टीम का हिस्सा बने थे, लेकिन उन्होंने साल 2013 में रिकी पोंटिंग के बाद इस टीम की कप्तानी संभाली थी और इस सीजन में पहली बार खिताब जीतने का कमाल भी किया था। इसके बाद उनकी कप्तानी में मुंबई ने 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल खिताब जीते। 37 साल के रोहित ने आईपीएल में अब तक खेले 257 मैचों में 29.72 की औसत और 131.14 की स्ट्राइक रेट से 6,628 रन बनाए हैं। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने टूर्नामेंट में दो शतक और 43 अर्द्धशतक लगाए हैं। इसके अलावा रोहित आईपीएल के इतिहास में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।