इंडियन प्रीमियर लीग 2024 का ऑक्शन ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज क्रिकेटर मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस के नाम रहा। दोनों पर रिकॉर्ड तोड़ बोली लगी। दुनिया की सबसे लोकप्रिय क्रिकेट लीग के इतिहास में पहली बार क्रिकेटर्स के लिए 20 करोड़ से ज्यादा की बोली लगी। मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस को इतनी रकम मिली है कि उनका खिलाड़ियों से तुलना करना बेमानी लगता है। फ्रेंचाइजी 2-3 बार पैडल और उठातीं तो लीग की इनामी राशि कम पड़ जाती।

विजेता टीम से 4 करोड़ 75 लाख रुपये ज्यादा पाएंगे स्टार्क

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की कुल इनामी राशि 46.5 करोड़ रुपये थी। 5वीं बार खिताब जीतने वाली चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)को 20 करोड़ रुपये मिले थे। आईपीएल 2024 में पैट कमिंस को सनाइजर्स हैदराबाद (SRH) से खेलने के लिए 20.50 करोड़ रुपये मिलेंगे। यानी विजेता टीम को मिलने वाली कुल धन राशि से 50 लाख रुपये ज्यादा। मिचेल स्टार्क को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से 24.75 करोड़ रुपये मिलेंगे। वह विजेता टीम से 4 करोड़ 75 लाख रुपये ज्यादा पाएंगे।

स्टार्क और कमिंस की इनामी राशि से तुलना

मिचेल स्टार्क (24.75 करोड़) और पैट कमिंस (20.50 करोड़) को मिलने वाली धन राशि जोड़ने पर यह रकम 45.25 करोड़ रुपये होती है। आईपीएल 2023 में कुल इनामी राशि 46.50 करोड़ रुपये थी। केवल 1.25 करोड़ रुपये का फर्क है। अगर स्टार्क या कमिंस के लिए थोड़ी और बोली लगती तो आईपीएल की कुल इनामी राशि ही कम पड़ जाती।

दया कुछ तो गड़बड़ है

मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस की जब नीलामी हो गई तो टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेट मोहम्मद कैफ ने ट्वीट किया। इसमें उन्होंने इनामी राशि वाली बात उठाई। उन्होंने लिखा, ” आईपीएल जीतने वाली टीम को 20 करोड़ रुपये मिलते है। पैट कमिंस को 20.5 करोड़ और मिचेल स्टार्क को 24.75 करोड़ मिल रहे हैं। दया कुछ तो गड़बड़ है।”