अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 की विश्व विजेता टीम से तीन खिलाड़ियों को बड़ा ब्रेक मिला है। इन तीनों खिलाड़ियों को आईपीएल 2022 (IPL 2022) के लिए टिकट मिल गया है। कप्तान यश ढुल और विक्की ओस्टवाल को दिल्ली कैपिटल्स ने, ऑलराउंडर राज अंगद बावा को पंजाब किंग्स ने और राजवर्धन हंगरगेकर को चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने साथ जोड़ लिया है।
सबसे ज्यादा फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ पांच विकेट लेने के बाद बल्ले से अहम योगदान देने वाले राज बावा को फायदा मिला है। बावा का बेस प्राइज 20 लाख रुपए था और उन्हें प्रीति जिंटा की टीम ने 2 करोड़ रुपए यानी 10 गुना ज्यादा की कीमत पर खरीदा है। इसके अलावा धोनी की टीम ने राजवर्धन हंगरगेकर पर पांच गुना का दांव लगाया।
हंगरगेकर का बेस प्राइज 30 लाख रुपए था लेकिन एमएस धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स और डिफेंडिंग चैंपियंस ने उन्हें 1.50 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा है। इसके अलावा विश्व विजेता टीम के कप्तान और सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक लगाने वाले यश ढुल को दिल्ली कैपिटल्स ने 50 लाख रुपए में खरीदा है।
दिल्ली कैपिटल्स की बात करें तो इससे पहले भी इस टीम ने 2018 में भारत को चैंपियन बनाने वाले पृथ्वी शॉ को मौका दिया था। इसके बाद शॉ को भारतीय टीम में भी जगह मिली थी। उन्हीं की राह पर यश ढुल भी चल पड़े हैं। उनके ऊपर बोली जरूर कम लगी लेकिन पैसे से ज्यादा मौका मायने रखता है जो इस विश्व विजेता खिलाड़ी को मिल गया है।
यश ढुल के अलावा राज अंगद बावा की बात करें तो वह गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी धूम मचा सकते हैं। उन्होंने वर्ल्ड कप में 250 से अधिक रन बनाए और 9 विकेट भी लिए थे। इससे पहले शनिवार को मुंबई इंडियंस ने डेवाल्ड ब्रेविस को अपने साथ जोड़ा था। ब्रेविस को बेबी या जूनियर डिविलियर्स भी कहा जाता था। वह अंडर-19 वर्ल्ड कप के टॉप स्कोरर भी रहे थे।
इसके अलावा दो खिलाड़ी अनसोल्ड भी रहे हैं जो इस विश्व विजेता टीम का हिस्सा थे। बल्लेबाज हरनूर सिंह और कौशल तांबे को किसी भी टीम ने अपने साथ नहीं जोड़ा है। वहीं विक्की ओस्टवाल को दूसरी बोली में दिल्ली कैपिटल्स ने 20 लाख के बेस प्राइज पर अपने साथ जोड़ा।