IPL 2022 Mega Auction: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 15वें संस्करण के लिए खिलाड़ियों की बोली बेंगलुरु में 12 और 13 फरवरी 2022 को होनी है। नीलामी का मंच तैयार है और आईपीएल के इस बाजार में 590 खिलाड़ियों का नाम फ्रेंचाइजीज की टेबल पर होंगे। करीब 217 खिलाड़ियों के नाम दो दिनों में फाइनल किए जाएंगे। इससे पहले सभी टीमें कुल 27 खिलाड़ियों को रिटेन कर चुकी हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके), दिल्ली कैपिटल (डीसी), कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और मुंबई इंडियंस (एमआई) ने 4-4 खिलाड़ियों को बनाए रखने का विकल्प चुना। राजस्थान रॉयल्स (आरआर), रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने 3-3 खिलाड़ियों को रिटेन किया है।
आईपीएल मेगा ऑक्शन 2022 में एक टीम अपने दल में ज्यादा से ज्यादा 25 और कम से कम 18 खिलाड़ी शामिल कर सकती है। एक फ्रेंचाइजी अपने दल में कुल 25 खिलाड़ियों में ज्यादा से ज्यादा आठ विदेशियों को रख सकती है। आगामी ऑक्शन में 590 में से 370 भारतीय और 220 विदेशी खिलाड़ी शामिल होंगे। वहीं कुल 48 खिलाड़ियों का बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए है।
क्या है ऑक्शन का शेड्यूल?
आईपीएल ऑक्शन 2022 का आयोजन बेंगलुरु के आईटीसी गार्डेनिया होटल में होगा। शनिवार और रविवार को खिलाड़ियों की नीलामी होगी और इसकी शुरुआत सुबह 11 बजे से दोनों दिन होगी। रात को करीब 8 या 9 बजे तक नीलामी जारी रहेगी। पहली बार इस ऑक्शन में 10 टीमें हिस्सा लेंगी। दो नई टीमें लखनऊ सुपर जायंट्स और अहमदाबाद टाइटंस इस ऑक्शन में जुड़ेंगी।
कहां और कैसे देखें लाइव स्ट्रीमिंग?
आईपीएल के मीडिया राइट्स स्टार स्पोर्ट्स के पास हैं। इसका लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनल्स पर अलग-अलग भाषाओं में किया जाएगा। हिंदी में आप स्टार स्पोर्ट्स 1 पर इसका प्रसारण देख सकते हैं। वैसे तो ऑक्शन अंग्रेजी भाषा में होते हैं लेकिन अन्य जानकारी के लिए आप हिंदी भाषा के स्टार स्पोर्ट्स पर ऑक्शन देख सकते हैं।
वहीं लाइव स्ट्रीमिंग के लिए आप डिज्नी प्लस हॉटस्टार का भी प्रयोग कर सकते हैं। साथ ही आईपीएल ऑक्शन 2022 से जुड़ी सभी अपडेट्स के लिए आप जनसत्ता.कॉम के साथ भी जुड़े रहे सकते हैं।