इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के मेगा ऑक्शन (IPL 2022 Mega Auction) के दौरान हुई एक बड़ी गलती सामने आई है। दरअसल यह चूक हुई थी ऑक्शनर चारू शर्मा से। यह गलती हुई भारतीय गेंदबाज खलील अहमद की नीलामी के दौरान, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। खलील अहमद पर मुंबई इंडियंस की बोली सबसे बड़ी थी लेकिन उन्हें बेचा दिल्ली कैपिटल्स को गया।
वायरल वीडियो में देखने से पता चल रहा है कि खलील अहमद पर दिल्ली कैपिटल्स ने 5 करोड़ की बोली लगाई जिसके बाद मुंबई इंडियंस के लिए आकाश अंबानी ने 5.25 करोड़ की बोली लगाई थी। फिर दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से पहले 5.50 करोड़ की बोली पर हाथ उठाया गया लेकिन बाद में ऑक्शनर से रुकने को कहा गया। यहीं पर ऑक्शनर चारू शर्मा से गलती हो गई।
दिल्ली द्वारा मना करने के बावजूद चारू शर्मा दिल्ली कैपिटल्स के लिए सर्वाधिक 5.25 करोड़ की बोली कहते नजर आए। अंत में मुंबई इंडियंस का खेमा भी कंफ्यूज दिखा और उसने अगली बोली के लिए मना कर दिया। जबकि 5.25 करोड़ की आखिरी बोली मुंबई के द्वारा ही लगाई गई थी। इसको लेकर मुंबई इंडियंस की तरफ से कोई आपत्ति नहीं जताई गई।
आखिरी में ऑक्शनर चारू शर्मा ने खलील अहमद को दिल्ली कैपिटल्स के लिए सोल्ड डिक्लेयर कर दिया। भारतीय गेंदबाज के अपने खेमे में शामिल होने के बाद दिल्ली के ऑफिशियल्स एक दूसरे से हाथ मिलाते भी दिखे। लेकिन इस गलती पर ना ही दिल्ली की तरफ से टोका गया और ना ही मुंबई की तरफ से कोई आवाज उठाई गई।
यह है दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस का स्क्वॉड
मुंबई इंडियंस (25)– रोहित शर्मा (16 Cr), जसप्रीत बुमराह (12 Cr), सूर्यकुमार यादव (8 Cr), कीरोन पोलार्ड (6 Cr), इशान किशन (15.25 Cr), डेवाल्ड ब्रेविस (3 Cr), अनमोलप्रीत सिंह (0.20 Cr), राहुल बुद्धी (0.20 Cr), आर्यन जुयाल (0.20 Cr), बासिल थम्पी (0.30 Cr), मुरुगन अश्विन (1.60 Cr), जयदेव उनादकट (1.30 Cr), मयंक मार्कनडे (0.65 Cr), टाइमल मिल्स (1.50 Cr), राइली मेरिडिथ (1 Cr), एन तिलक वर्मा (1.70 Cr), संजय यादव (0.50 Cr), जोफ्रा आर्चर (8 Cr), डैनियल सैम्स (2.6 Cr), टिम डेविड (8.25 Cr), मोहम्मद अरशद खान (0.20 Cr), रमनदीप सिंह (0.20 Cr), ऋतिक शौकीन (0.20 Cr), अर्जुन तेंदुलकर (0.30 Cr), फैबियन एलन (0.75 Cr)।
दिल्ली कैपिटल्स (24)– ऋषभ पंत (16 Cr), अक्षर पटेल (9 Cr), पृथ्वी शॉ (7.5 Cr), एनरिक नॉर्किया (6.5 Cr), डेविड वार्नर (6.25 Cr), अश्विन डेब्बार (0.20 Cr), सरफराज खान (0.20 Cr), केएस भरत (2 Cr), यश ढुल (0.50 Cr), मंदीप सिंह (1.10 Cr), रोवमैन पॉवेल (2.80 Cr), टिम साइफर्ट (0.50 Cr), मुस्तफिजुर रहमान (2 Cr), शार्दुल ठाकुर (10.75 Cr), कमलेश नागरकोटी (1.1 Cr), कुलदीप यादव (2 Cr), लुंगी एनगिडी (0.50 Cr), खलील अहमद (5.25 Cr), चेतन सकरिया (4.2 Cr), प्रवीण दुबे (0.50 Cr), मिशेल मार्श (6.50 Cr), ललित यादव (0.65 Cr), रीपल पटेल (0.20 Cr), विक्की ओस्टवाल (0.20 Cr)।
गौरतलब है कि नियमित ऑक्शनर ह्यूज एडमीड्स की तबीयत खराब होने के बाद चारू शर्मा को पहले दिन लंच के बाद यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। दूसरे दिन के अंतिम क्षणों में चारू शर्मा ने विदाई ली थी और स्वस्थ होने के बाद एक बार फिर ह्यूज को ऑक्शन पर वापस लौटते हुए देखा गया था।