इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की 24 और 25 नवंबर को होने वाले दो दिवसीय मेगा ऑक्शन में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत सबसे महंगे खिलाड़ी साबित हो सकते हैं। आईपीएल मेगा ऑक्शन 2025 में 577 खिलाड़ियों पर बोली लगने वाली है। आईपीएल की दस टीमों के पास 641.5 करोड़ रुपये का पर्स है और 204 संभावित चयन होने बाकी हैं।

ऐसे में सभी की नजरें ऋषभ पंत के नाम पर लगी होंगी। पंजाब किंग्स के पास सबसे ज्यादा 110.50 करोड़ रुपये का पर्स है, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास 83 करोड़ रुपये हैं। दिल्ली कैपिटल्स के पास 73 करोड़ रुपये और राइट टू मैच (आरटीएम) कॉर्ड है, जिससे वे अपने पूर्व कप्तान को खरीद सकते हैं।

दिल्ली कैपिटल्स में नहीं जाना चाहते ऋषभ पंत

समझा जाता है कि ऋषभ पंत नहीं चाहते कि दिल्ली आरटीएम कार्ड का इस्तेमाल करे, क्योंकि अलग होते समय संबंधों में दरार आ गई थी और पंत खुद को अब टीम का हिस्सा नहीं मानते। उन्होंने कहा भी था, ‘मेरा रिटेंशन पैसे को लेकर नहीं था। यह तय है।’ सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पंत 25 करोड़ रुपये पार करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन सकते हैं।

चाहकर भी पंत को नहीं खरीद पाएंगी CSK और MI

चेन्नई सुपर किंग्स या मुंबई इंडियंस के पास सिर्फ 45 करोड़ रुपये हैं। वे उन्हें इस कीमत पर खरीदने की स्थिति में नहीं होंगे। हर दो साल में टीम बदलने के लिये मशहूर पंजाब किंग्स के पास काफी बड़ा पर्स है। मुख्य कोच रिकी पोंटिंग अपने पसंदीदा खिलाड़ी के साथ फिर एकजुट होना चाहेंगे।

नीलामी के लिये 81 खिलाड़ियों का बेसप्राइज दो करोड़ रुपये है। पिछले तीन सत्र में 96 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट ले चुके अर्शदीप सिंह पर भी बड़ी बोली लग सकती है। पंजाब के पास आरटीएम (RTM) कार्ड है, लेकिन पता नहीं कि बोली कहां तक जाती है। तेज गेंदबाजों की भी काफी मांग होंगी।

इन टीमों का कौन होगा कप्तान?

श्रेयस अय्यर और केएल राहुल को छोड़कर भारत के लगभग सभी स्टार क्रिकेटर लिये जा चुके हैं। श्रेयस अय्यर कप्तानी के लिये दिल्ली कैपिट्लस की पसंद हो सकते हैं। आरसीबी (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु), कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स, दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के लिये तीन संभावित कप्तान ऋषभ पंत, केएल राहुल या श्रेयस अय्यर हो सकते हैं।

इशान किशन इस बार भी महंगे बिकेंगे?

भारतीय खिलाड़ियों में इशान किशन भी प्रमुख होंगे, लेकिन इस बार मुंबई इंडियंस उन्हें पिछली बार की तरह 15 करोड़ रुपये में खरीदने की स्थिति में नहीं है। मोहम्मद शमी पर भी नजरें रहेंगी जो सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रहे हैं। इनके अलावा जिन नामों पर चर्चा होगी, उनमें खलील अहमद, दीपक चाहर, आवेश खान, हर्षल पटेल, भुवनेश्वर कुमार, जोस बटलर, लियाम लिविंगस्टोन और कगिसो रबाडा प्रमुख हैं।

इन खिलाड़ियों पर भी रहेंगी नजरें

  1. खलील अहमद: जो अर्शदीप सिंह को नहीं खरीद पायेंगे, उनकी निगाहें खलील पर होंगी। यश दयाल को आरसीबी ने बरकरार रखा है लिहाजा खलील को अच्छे दाम मिल सकते हैं। मांग. आपूर्ति समीकरण के तहत उन पर अच्छी बोली लग सकती है।
  2. दीपक चाहर: पिछले कुछ साल में चोटों से परेशान रहे चाहर पावरप्ले में अच्छे स्विंग गेंदबाज साबित होते हैं। उनके लिये कई टीमें दम लगा सकती है। उन्होंने रणजी ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन भी किया है।
  3. आवेश खान: पिछले सत्र में राजस्थान रॉयल्स के लिये 19 विकेट लेने वाले आवेश खान दस करोड़ रुपये में खरीदे गए थे। उन्हें एक बार फिर अच्छा दाम मिल सकता है।
  4. हर्षल पटेल: हमेशा आईपीएल में हर्षल पटेल को मोटा करार मिलता है। राष्ट्रीय टीम के लिये चयन में भले ही उनके नाम पर विचार नहीं होता है लेकिन पिछले सत्र में 24 विकेट लेने वाले इस गेंदबाज को आईपीएल में अनदेखा नहीं किया जा सकता।
  5. भुवनेश्वर कुमार: पावरप्ले में अच्छा प्रदर्शन करने वाले भारत के सीम और स्विंग गेंदबाज कम ही हैं और भुवनेश्वर के पक्ष में उनका अनुभव भी है।उन्हें दस करोड़ से कम में खरीदा जा सकता है और दुनिया जानती है कि सीएसके के असल कप्तान एम एस धोनी को अनुभवी खिलाड़ी कितने पसंद हैं।
  6. जोस बटलर: इसकी संभावना कम है कि यशस्वी जायसवाल को अपने पसंदीदा जोस भाई के साथ खेलने का मौका मिले लेकिन बेन स्टोक्स की गैर मौजूदगी में वह सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं। चिन्नास्वामी स्टेडियम की बल्लेबाजों की मददगार पिच को देखते हुए आरसीबी उन पर दाव लगा सकता है।
  7. लियाम लिविंगस्टोन: यह ऐसा खिलाड़ी है जिस पर पंजाब आरटीएम कार्ड प्रयोग कर सकता है। दूसरी टीमों पर भी उनकी नजरें होंगी।
  8. कगिसो रबाडा: आईपीएल में रबाडा की मांग हमेशा रहेगी। दिल्ली कैपिटल्स उन्हें फिर खरीद सकती है और पंजाब के पास आरटीएम का विकल्प है। मुंबई इंडियंस भी जसप्रीत बुमराह के साथी तेज गेंदबाज के रूप में उन्हें लेने पर विचार कर सकती है।