इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) के बाद से ही खबरें आ रही हैं कि राजस्थान रॉयल्स से संजू सैमसन को ट्रेड किया जा सकता है। हालांकि, इस राह में नियम से लेकर दृष्टिकोण तक कई पेंच हैं। क्या कोई फ्रेंचाइजी उस खिलाड़ी को अपने साथ जोड़े रखना चाहेगी, जो टीम के साथ नहीं रहना चाहता? इन सवालों के बीच एक चीज तय है कि कप्तान संजू सैमसन और राजस्थान रॉयल्स के बीच मतभेद पैदा हो गए हैं।
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार संजू सैमसन ने राजस्थान रॉयल्स के प्रबंधन से औपचारिक रूप से ट्रेड करने या रिलीज करने का अनुरोध किया है। सैमसन के परिवार के सदस्यों का खुलेआम कहना है कि वह अब रॉयल्स के साथ नहीं रहना चाहते। संजू के कुछ करीबी आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने भी संकेत दिए हैं कि फ्रेंचाइजी के साथ उनके रिश्ते अब पहले जैसे नहीं रहे।
सैमसन नहीं ले सकते फैसला
आईपीएल के नियमों के अनुसार 1 बार कोई खिलाड़ी किसी फ्रेंचाइजी से साइन कर लेता है तो वह 3 साल तक अपनी मर्जी से नहीं चल सकता। वह ट्रेड या रिलीज होगा या नहीं इसका फैसला सिर्फ और सिर्फ फ्रेंचाइजी कर सकती है। तकनीकी रूप से, अनुबंध और कानूनी रूप से सैमसन वर्तमान साइकल यानी 2027 सीजव तक रॉयल्स के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। किसी भी फ्रेंचाइजी के लिए मार्की खिलाड़ी को रिलीज करना आसान नहीं है।
विकल्पों की तलाश में रॉयल्स प्रबंधन
सैमसन को किशोरावस्था से ही निखारने के बाद रॉयल्स प्रबंधन सक्रिय रूप से विकल्पों की तलाश कर रहा है। फ्रेंचाइजी ने संभावित ट्रेड में रुचि का आकलन करने के लिए टीमों से संपर्क किया है। कुछ के साथ शुरुआती बातचीत भी हुई है। सैमसन के नजरिए को समझना भी मुश्किल नहीं है। कप्तान के तौर पर उन्हें अपनी बल्लेबाजी क्रम चुनने की आजादी की उम्मीद रही होगी। वह पारी की शुरुआत करना पसंद करते हैं। भारत की टी20 टीम में उनकी यही भूमिका है। हालांकि, पिछले सीजन के बीच में रॉयल्स ने यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी के रूप में एक मजबूत ओपनिंग जोड़ी तैयार की। अगले सीजन में भी दोनों ओपनिंग करते दिख सकते हैं। हालांकि, सैमसन और रॉयल्स के बीच मतभेद का यही एकमात्र कारण नहीं है।
ऑल कैश वन वे ट्रेड संभव नहीं
कुछ फ्रेंचाइजियों ने सैमसन को अपने साथ जोड़ने में रुचि दिखाई है, लेकिन किसी ने भी रॉयल्स प्रबंधन को स्वीकार्य ट्रेड की पेशकश नहीं की है। चेन्नई सुपर किंग्स ने खुले तौर पर रुचि व्यक्त की है, लेकिन नीतिगत तौर पर वह अपने खिलाड़ियों को रिलीज करने को तैयार नहीं हैं। इससे सीधे ट्रेड की संभावना खत्म हो जाती है। सैमसन 18 करोड़ रुपये के खिलाड़ी हैं। ऐसे में रॉयल्स के लिए ऑल कैश वन वे ट्रेड संभव नहीं है।
गेंद रॉयल्स के पाले में
एमएस धोनी और ऋतुराज गायकवाड़ इस समय चेन्नई में हैं। माना जा रहा है कि शीर्ष खिलाड़ियों और प्रबंधन अधिकारियों के बीच बैठकें हुई हैं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि सैमसन के मुद्दे पर चर्चा हुई या नहीं। सीएसके अधिकारियों का कहना है कि उनके लिए एकमात्र विकल्प नीलामी में अपनी किस्मत आजमाना हो सकता है। अन्य फ्रेंचाइजियों के साथ भी स्थिति ऐसी ही है। वह सैमसन को साथ जोड़ना चाहती हैं, लेकिन विकेटकीपर बल्लेबाज के अनुभव,कद और स्किल के मद्देनजर ट्रेड डील पेश नहीं कर पा रही हैं। गेंद अब रॉयल्स के पाले में है।