इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ की राहें जुदा हो गई हैं। फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर शनिवार (30 अगस्त) को इसकी जानकारी दी। उसने यह भी बताया कि मुख्य कोच के बजाय उन्हें कोई और पद संभालने की पेशकश की गई थी, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया।

राहुल द्रविड़ बीते साल भारतीय टीम के मुख्य कोच के पद से हटने के बाद आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स से वापस जुड़े थे। द्रविड़ की 1 सीजन बाद ही मुख्य कोच के पद से ऐसे समय छुट्टी हुई है जब फ्रेंचाइजी और कप्तान संजू सैमसन के बीच सबकुछ ठीक न होने की बातें चल रही थीं। ऐसी खबरें आई थीं कि संजू ने राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड या रिलीज करने को कह दिया था।

IPL थप्पड़ कांड का वीडियो रिलीज होने पर भड़कीं श्रीसंत की पत्नी

राजस्थान रॉयल्स ने क्या कहा?

राहुल द्रविड़ के पद से हटने की जानकारी देते हुए फ्रेंचाइजी ने कहा, “राजस्थान रॉयल्स ने आज घोषणा करती है कि मुख्य कोच राहुल द्रविड़ का आईपीएल 2026 से पहले फ्रेंचाइजी के साथ कार्यकाल समाप्त होगा। राहुल कई वर्षों से रॉयल्स के सफर के केंद्र में रहे हैं। उनके नेतृत्व ने खिलाड़ियों की एक पीढ़ी को प्रभावित किया है, टीम में मजबूत मूल्यों का संचार किया है और फ्रेंचाइजी की संस्कृति पर एक अमिट छाप छोड़ी है।”

द्रविड़ ने बड़े पद की पेशकश को ठुकराया

राजस्थान रॉयल्स ने कहा, “फ्रेंचाइजी की संरचनात्मक बदलाव के तहत राहुल को फ्रेंचाइजी में एक बड़े पद की पेशकश की गई थी, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया। राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी और दुनियाभर के लाखों प्रशंसक फ्रेंचाइजी के लिए उनकी उल्लेखनीय सेवा के लिए राहुल को हार्दिक धन्यवाद देते हैं।”

आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन खराब

आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन खराब रहा। वह 14 में 4 मैच जीतकर 9 स्थान पर रही। संजू सैमसन चोट के कारण कई मैचों में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेले। हालांकि, फ्रेंचाइजी के वैभव सूर्यवंशी जैसा होनहार खिलाड़ी मिला।