आईपीएल में 2015 से 2024 तक बतौर प्लेयर कमाल करने वाले केन विलियमसन को अब एक नई जिम्मेदारी मिल गई है। लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम में न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान को स्ट्रेटजिक एडवाइजर (रणनीतिक सलाहकार) बनाया गया है। इससे पहले इसी साल विलियमसन एसए20 लीग में संजीव गोएनका की फ्रेंचाइजी डरबन सुपर जायंट्स के लिए खेलते नजर आए थे। अब भारतीय टी20 लीग में वह नए रोल में नजर आएंगे।

गौरतलब है कि केन विलियमसन न्यूजीलैंड के उन पांच क्रिकेटर्स में से एक हैं जिन्होंने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट ठुकरा दिया था। वह दुनियाभर की अन्य लीग से जुड़े रहना चाहते थे। हालांकि, पूर्व कप्तान ने अभी टी20 फॉर्मेट को अलविदा नहीं कहा है। आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में वह अनसोल्ड थे। वहीं टी20 इंटरनेशनल खेलने के लिए भी उन्होंने अगले साल न्यूजीलैंड के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खुद को उपलब्ध बताया है।

लखनऊ सुपर जायंट्स ने इससे पहले भरत अरुण को बतौर बॉलिंग कोच टीम के साथ जोड़ा था। अरुण इससे पहले चार साल तक केकेआर के साथ जुड़े हुए थे। वहीं विलियमसन भी अब उस सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा बनेंगे। इस टीम की कमान पिछले साल ऋषभ पंत ने संभाली थी। वह एक बार फिर से आईपीएल 2026 में भी टीम की कमान संभालते नजर आ सकते हैं। वहीं आगामी रिटेंशन रिलीज में टीम क्या दांव खेलती है यह भी देखने वाली बात होगी।

कैसा रहा विलियमसन का आईपीएल में सफर

केन विलियमसन के आईपीएल करियर की बात करें तो बतौर प्लेयर उन्होंने 10 सीजन इस लीग के खेले हैं। साल 2018 में उन्हें ऑरेंज कैप भी मिली थी। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए उन्होंने 735 रन उस सीजन में बनाए थे। 2022 तक सनराइजर्स हैदराबाद से बतौर कप्तान जुड़े रहने के बाद 2023 में विलियमसन को गुजरात टाइटंस ने खरीदा था। इस सीजन वह सिर्फ एक मुकाबला ही खेल पाए थे और चोटिल होकर बाहर हो गए थे। फिर 2024 में उन्हें सिर्फ दो मैच में ही खेलने का मौका मिला। साल 2025 के लिए उन्हें किसी टीम ने नहीं खरीदा। अब आईपीएल 2026 में वह एक नई जिम्मेदारी के साथ नजर आएंगे।