अद्भुत कप्तान। रोहित शर्मा ने 5 ट्रॉफी के साथ आईपीएल में सबसे सफल कप्तान के रूप में अपना नाम दर्ज कराया है। ‘हिटमैन’ के नाम से प्रसिद्ध रोहित शर्मा दुनिया के सबसे प्रतिभाशाली बल्लेबाजों में से एक हैं। जब छोटे प्रारूप की बात आती है, तो बहुत कम खिलाड़ी हैं जो उनकी स्ट्राइकिंग क्षमताओं से मेल खा सकते हैं। रोहित ने साबित किया कि उन्हें एक विशेष प्रतिभा के रूप में क्यों माना जाता है?
रोहित ने आईपीएल के पहले तीन सीजन में डेक्कन चार्जर्स का हिस्सा रहते हुए क्रमशः 404, 362 और 404 रन बनाये थे। उन्होंने 2009 में डेक्कन चार्जर्स के आईपीएल ट्रॉफी जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आईपीएल 2011 से रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस का अभिन्न हिस्सा हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के लिए होने वाले मेगा ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को 16.30 करोड़ रुपये में रिटेन किया।
रोहित शर्मा के नाम 6 ऐसे रिकॉर्ड दर्ज हैं, जो उनके अलावा अन्य किसी भी खिलाड़ी (सभी छह) के नाम नहीं हैं। आइये जानते हैं वे कौन से 6 रिकॉर्ड हैं, जिनके रोहित शर्मा मालिक हैं।
सिर्फ रोहित शर्मा के नाम ही हैं ये सभी 6 रिकॉर्ड
- आईपीएल में अब तक 53 बल्लेबाज शतक लगा चुके हैं। रोहित शर्मा का नाम आईपीएल में शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल है। उन्होंने आईपीएल में 2 शतक लगाये हैं।
- आईपीएल में अब तक 19 खिलाड़ियों ने हैट्रिक ली है। रोहित शर्मा का नाम आईपीएल में हैट्रिक लेने वाले खिलाड़ियों की सूची में भी शामिल है। उन्होंने आईपीएल 2009 में डेक्कन चार्जर्स के लिए खेलते हुए हैट्रिक ली थी।
- अब तक 17 खिलाड़ियों ने आईपीएल फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता है। आईपीएल फाइनल में मैन ऑफ द मैच बनने वालों में रोहित शर्मा का नाम भी शामिल है। रोहित शर्मा आईपीएल 2012 के फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे। उन्होंने तब कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ईडन गार्डन में नाबाद 109 रन बनाए थे। उनके शतक की मदद से मुंबई इंडियंस ने 27 रन से मैच जीता था।
- आईपीएल में सिर्फ 8 ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 250 या उससे ज्यादा छक्के लगाये हैं। इनमें से रोहित शर्मा भी एक हैं। रोहित शर्मा ने आईपीएल में अब तक 280 छक्के लगाये हैं।
- आईपीएल में अब तक 8 ऐसे कप्तान हुए हैं, जिनकी अगुआई में टीम ने खिताब जीता है। इस सूची में भी रोहित शर्मा का नाम दर्ज है। रोहित के अलावा आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाले कप्तानों में एमएस धोनी, शेन वार्न, एडम गिलक्रिस्ट, गौतम गंभीर, डेविड वॉर्नर, हार्दिक पंड्या और श्रेयस अय्यर हैं।
- आईपीएल के इतिहास में सिर्फ 4 खिलाड़ी ही ऐसे हैं, जिन्होंने 6500 से ज्यादा रन बनाये हैं। इस लिस्ट में भी रोहित शर्मा का नाम शामिल है। रोहित शर्मा ने आईपीएल में अब तक 257 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 29.72 के औसत और 131.14 के स्ट्राइक रेट से 6628 रन बनाये हैं। वह आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में तीसरे नंबर पर हैं। पहले नंबर पर विराट कोहली (8004 रन) और दूसरे नंबर पर शिखर धवन (6769 रन) हैं। विराट, रोहित और शिखर के अलावा डेविड वॉर्नर ने आईपीएल में 6500 से ज्यादा (6565) रन बनाये हैं।