इंडियन प्रीमियर लीग में फैंस महेंद्र सिंह धोनी को देखने के लिए बेताब होते हैं। धोनी पूरे साल केवल इसी एक टूर्नामेंट में खेलते हैं। ऐसे में फैंस के लिए यह बड़ा मौका होता है। बीते साल फैंस को कम ही मौके मिले जब धोनी बल्लेबाजी करने उतरे क्योंकि वह बल्लेबाजी क्रम में निचले नंबर पर उतरे थे। धोनी ने अब इसका कारण बताया है।

धोनी ने जियोस्टार से कहा, “मुझे (आईपीएल 2023 के दौरान) घुटने में थोड़ी समस्या थी, लेकिन पिछले साल यह अधिक प्रबंधनीय था।” “इसके अलावा, (टी20) विश्व कप के लिए चयन होना था। अगर आप हमारी टीम को देखें तो रवींद्र जडेजा और शिवम दुबे दावेदारों में से थे। इसलिए, आप स्पष्ट रूप से उन्हें अपना दावा पेश करने का मौका देना चाहते हैं।”

महेंद्र सिंह धोनी ने कहा, ‘मेरा सेलेक्शन नहीं होने जा रहा था और किसी स्थान के लिए प्रतिस्पर्धा नहीं कर रहा था। और वे अपना काम (अच्छे से) कर रहे थे। ऐसा नहीं है कि अगर आप खिलाड़ियों को बढ़ावा दे रहे हैं तो उस फ्रैंचाइज़ी को नुकसान हो रहा है। कुल मिलाकर, अगर हर कोई अपनी ज़िम्मेदारियों को पूरा कर रहा है और दबाव ले रहा है तो क्यों नहीं? तो यही सोच थी। लेकिन अगर वे इतना अच्छा नहीं खेल रहे हैं, तो सोच बदल जाती है। अगर किसी फैसले से सभी को फ़ायदा होता है, तो क्यों नहीं?”

चेन्नई ने धोनी के कप्तान रहते हुए पांच आईपीएल खिताब जीते, लेकिन उन्होंने 2024 के सत्र से पहले गायकवाड को कमान सौंप दी थी। धोनी ने कहा कि हालांकि वह गायकवाड़ के साथ चर्चा करते हैं, लेकिन वह उन पर अपनी सलाह नहीं थाेपते हैं। उन्होंने कहा , ‘‘ऋतुराज काफी समय से हमारी टीम का हिस्सा हैं। उनका स्वभाव बहुत अच्छा है, वह बहुत शांत हैं, बहुत धैर्यवान हैं। इसलिए हमने उन्हें कप्तान के रूप में चुना।’’ धोनी ने कहा,, ‘‘मुझे याद है कि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले, मैंने उनसे यह भी कहा था, अगर मैं आपको सलाह देता हूं, तो इसका मतलब यह नहीं है कि आपको इसका पालन करना होगा। मैं जितना संभव हो सके दूर रहने की कोशिश करूंगा।