इंडियन प्रीमियर लीग 2022 में गुजरात टाइटंस (GT) पहली बार मैदान पर उतरी थी। 3 सीजन में टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है। 2 में वह फाइनल खेल चुकी है। पहले ही सीजन में वह चैंपियन बन चुकी है। हार्दिक पंड्या के पिछले सीजन मुंबई इंडियंस (MI)वापस चले जाने के बाद शुभमन गिल की कप्तानी में टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। वह 8वें नंबर पर रही थी। टीम उस सीजन खिलाड़ियों के चोटिल होने से भी परेशान थी।
आईपीएल 2025 से पहले मेगा ऑक्शन होता है तो गुजरात टाइटंस को खिलाड़ियों को रिटेन करते वक्त काफी माथापच्ची करनी होगी। इसका कारण है कि टीम के पास शुभमन गिल, राशिद खान, डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, केन विलियमसन और मोहम्मद शमी जैसे खिलाड़ी है। शमी पिछले सीजन चोट के कारण एक भी मैच नहीं खेल पाए थे। आईपीएल नीलामी को लेकर नियम कायदे अभी तक सामने नहीं आए हैं। मुमकिन है फ्रेंचाइजियों के पास 6 खिलाड़ियों को रिटेन करने का ऑप्शन हो। ऐसे में आइए जानते हैं कि रिटेंशन के लिए गुजरात टाइटंस के टॉप-3 पिक कौन होंगे।
इन 3 खिलाड़ियों को रिटेन करेगी गुजरात टाइटंस
शुभमन गिल – शुभमन गिल को भारतीय क्रिकेट का भविष्य माना जाता है। हार्दिक पंड्या के जाने के बाद उन्हें कप्तान बनाया गया और भले ही गुजरात उनके नेतृत्व में अच्छा प्रदर्शन करने में विफल रहा, लेकिन गिल के टीम में बने रहने की संभावना है। प्रबंधन उनके इर्द-गिर्द टीम बनाना चाहेगा। इस बीच, भले ही वह अपने पहले सीजन में कप्तान के रूप में फ्लॉप रहे हों, लेकिन उन्होंने बल्ले से अच्छा प्रदर्शन किया है,जो एक और कारण है कि गुजरात उन्हें अपने साथ रख सकता है। गुजरात के साथ अपने पहले सीजन में गिल ने 16 मैचों में 483 रन बनाए और खिताब जीता। 2023 में, उन्होंने और भी बेहतर प्रदर्शन किया। 17 मैचों में 890 रन बनाए और टूर्नामेंट के प्रमुख रन-स्कोरर रहे। आईपीएल 2024 में गिल ने 12 मैचों में 426 रन बनाए, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं।
मोहम्मद शमी – आईपीएल 2022 और 2023 में गुजरात टाइटंस के शानदार प्रदर्शन में मोहम्मद शमी ने मुख्य भूमिका निभाई। 2022 में उन्होंने 20 विकेट लिए थे। 2023 में 28 विकेट लेकर सीजन में लीग के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। उन्होंने पर्पल कैप अपने नाम किया था। इसके बाद 2024 में वह चोट के कारण नहीं खेले। 2025 के सीजन से पहले उन्हें टीम रिटेन कर सकती है।
राशिद खान – टी20 क्रिकेट में अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान किसी भी टीम के लिए ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं। वह केवल गेंद से नहीं बल्ले से भी टीम को जीत दिला सकते हैं। कई बार उनके कैमियो देखने को मिलते हैं। राशिद को गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन से पहले ड्राफ्ट से अपने साथ जोड़ा था। उन्होंने 2024 में 10, 2023 में 27 और 2023 में 19 विकेट लिए थे।