इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) से पहले मेगा ऑक्शन होने की संभावना है। हाल ही में मुंबई में भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के साथ आईपीएल फ्रेंचाइजियों की बैठक हुई थी। इस दौरान ज्यादातर फ्रेंचाइजियों ने मिनी ऑक्शन की इच्छा जताई थी। इसके बाद भी मेगा ऑक्शन होने की संभावना है। इसकी घोषणा इस महीने के अंत तक होने की संभावना है।
कितने दिन चलेगी निलामी
आईपीएल 2024 में मिनी ऑक्शन हुआ था। फ्रेंचाइजियों को स्क्वाड में कुछ जगह भरने थे, ऐसे में नीलामी एक ही दिन चली थी। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के लिए रिकॉर्ड तोड़ बोली लगी थी। स्टार्क को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। आईपीएल 2025 से पहले अगर मेगा ऑक्शन होता है तो फ्रेंचाइजियों को नया स्क्वाड बनाना होगा। ऐसे में नीलामी दो दिन तक चलना तय है।
कब होगा ऑक्शन
आईपीएल 2023 और 2024 में ऑक्शन दिसंबर में हुए थे। हालांकि, ये मिनी ऑक्शन थे। आईपीएल 2022 के दौरान मेगा ऑक्शन हुआ था। तब फरवरी में नीलामी का आयोजन हुआ था। दो दिन तक नीलामी चली थी। ऐसे में दिसंबर से फरवरी के बीच ऑक्शन हो सकता है।
कितने खिलाड़ी रिटेन हो सकते हैं
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) अगस्त के अंत तक इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खिलाड़ियों को बनाए रखने के नियमों की घोषणा कर सकता है। आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजियों को 4 खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति थी। तब दो नई टीमें लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और गुजरात टाइटंस (GT) आई थीं। आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में 6 खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति मिल सकती है। राइट टू मैच (RTM) ऑप्शन भी हो सकता है। 2022 में सैलेरी कैप 90 करोड़ रुपये था। इस बार सैलेरी कैप 120 करोड़ रुपये हो सकता है।