इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) के दौरान दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने एक्स पर कप्तान अक्षर पटेल का वीडियो शेयर किया है। इसमें अक्षर पटेल ने भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र धोनी के साथ अपने रिश्ते के बारे में बात की। भारतीय टीम के ‘बापू’ ने सफलता का श्रेय धोनी को दिया। अक्षर ने यह भी बताया कि धोनी ने उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2024 और चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर मैसेज किया था। महेंद्र सिंह धोनी ने एक बार अक्षर पटेल से यह भी कहा था कि उनके (अक्षर) ग्रह इधर-उधर चल रहे हैं।
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से शेयर किए गए वीडियो में अक्षर पटेल अपनी सफलता का श्रेय महेंद्र सिंह धोनी को देते हैं। वह कहते हैं,”माही भाई से बहुत क्लोज कनेक्शन है। वो जब कैप्टन थे इंडिया टीम के तो मैं उनके साथ मैं शेयर करते रहता था अपने थॉट (विचार) और वो सब। लेकिन आपको पता है वर्ल्ड कप के बाद और चैंपियंस ट्रॉफी के बाद उनका मैसेज आया था। 2021 वर्ल्ड कप में वह मेंटर थे। तभी मैंने उनसे बात की थी कि यार माइंडसेट में ये सब हो रहा है। उसके बाद आप देख सकते हो जो भी आया है। जो भी चेंज हुआ है उनका थोड़ा क्रेडिट माही भाई को भी जाता है।”
यार तेरे ग्रह थोड़े इधर-उधर चल रहे हैं
इस वीडियो में आईपीएल का एक फोटे है। इसमें चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में महेंद्र सिंह धोनी को दिल्ली कैपिटल्स के प्रैक्टिस किट में अक्षर पटेल से बातचीत करते देखा जा सकता है। धोनी के साथ बातचीत करते हुए फोटो को लेकर अक्षर पटेल ने कहा, “उधर भी यही बात हो रही थी। यार तेरे ग्रह थोड़े इधर-उधर चल रहे हैं। तुझे या तो अच्छा बॉल गिर जाता है या कुछ हो जाता है। तभी ये बोल रहे थे तू एक काम कर कुछ विधि-विधि करा ले।”
चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स का शनिवार को मुकाबला
चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स का आईपीएल 2025 के 17वें मैच में शनिवार (5 अप्रैल) को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में आमना-सामना होगा। अक्षर पटेल की अगुआई में दिल्ली की टीम शानदार फॉर्म में है। वह 2 में से 2 मैच जीतकर अंक तालिका में दूसरे नंबर पर है। चेन्नई की टीम 2 में 1 मैच जीतकर अंक तालिका में 8वें नंबर पर है। यहां देखें IPL 2025 के 15वें मैच के बाद पॉइंट टेबल, ऑरेंज और पर्पल कैप की रेस