Virat Kohli on Shubman Gill and Ishan Kishan Friendship: भारतीय क्रिकेट टीम में ऐसे कई खिलाड़ी है, जिनकी मैदान पर और मैदान से बाहर दोस्ती देखने को मिलती है। उनकी खूब चर्चा होती है। इशान किशन और शुभमन गिल भी काफी अच्छे दोस्त हैं। दोनों के बीच काफी अच्छी बॉन्डिंग है। अब दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली ने इनकी दोस्ती पर कमेंट किया है। उन्होंने इशान और शुभमन को गीता-सीता बताया है। दोनों किसी टूर पर अकेले नहीं रहते। खाना खाने से लेकर बात करने तक साथ आते हैं।
एक इवेंट के दौरान विराट कोहली ने इशान और शुभमन की दोस्ती पर कहा, “सीता-गीता, इशान और शुभमन। पता नहीं क्या चक्कर है भाई, मैं बोल नहीं सकता ज्यादा चीजे, लेकिन… दोनों बहुत अच्छे दोस्त हैं। असल में, वो अकेले नहीं रह सकते टूर पे। तो, खाना खाने बुलालो साथ में आएंगे, बात करने बुलाओ साथ में ही आएंगे। कभी मैंने देखा ही नहीं कि वो अकेले हों। लेकिन सच में बहुत अच्छे दोस्त हैं।”
आईपीएल 2024 में खेल रहे इशान और शुभमन
दोनों युवा क्रिकेटर इशान और शुभमन इस समय इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) का हिस्सा हैं। जहां किशन 2018 से मुंबई इंडियंस (MI) टीम का हिस्सा हैं। वहीं गिल 2022 में टीम के पहले सीजन से गुजरात टाइटंस (GT) के साथ हैं, जब उन्होंने खिताब जीता था। गिल वर्तमान में जीटी का नेतृत्व कर रहे हैं। हार्दिक पंड्या 2024 सीजन से मुंबई इंडियंस में चले गए ।
गिल और इशान का आईपीएल 2024 में प्रदर्शन
गिल ने अब तक 6 मैचों में 2 अर्धशतक की मदद से 255 रन बनाए हैं। हालांकि, किशन इस सीजन में अभी तक कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं और चार मैचों में केवल 92 रन ही बना पाए हैं। घरेलू क्रिकेट में झारखंड के लिए नहीं खेलने के बाद किशन को बीसीसीआई की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से भी बाहर कर दिया गया था।